राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायगढ़: गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 चक्का ट्रक से 46 गौवंश बरामद किए हैं। ट्रक में क्षमता से अधिक पशुओं को ठूंस-ठूंसकर बेहद अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था। पुलिस को 7 गोवंश मृत मिले, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित निकालकर धरमजयगढ़ के कांजी हाउस में चारा-पानी की व्यवस्था के साथ रखवाया गया है। पुलिस की घेराबंदी का आभास होते ही तस्कर वाहन जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस को 11 अगस्त की रात करीब 1 बजे जंगल के रास्ते गोवंश को ले जाने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने तत्काल मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक के बरसापाली जंगल की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम को बरसापाली जंगल मार्ग पर घेराबंदी के लिए रवाना किया गया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वाहन में सवार लोग उसे वहीं छोड़कर अंधेरे में भाग निकले। पुलिस ने तिरपाल से ढके लावारिस ट्रक क्रमांक सीजी 14 बी 0739 की तलाशी ली तो उसके भीतर 46 गोवंश मिले। पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था नहीं थी और उन्हें बेहद खराब परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था। इनमें सात पशु मृत पाए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा, प्रकाश गिरी गोस्वामी एवं हमराह स्टाफ ने तत्काल जीवित पशुओं को बाहर निकाला। 39 गौवंश को कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाकर उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था कराई गई। धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक एवं फरार पशु तस्करों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार पतासाजी कर रही है।
Trending
- आजादी की धुन’ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का सुनहरा अवसर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- ‘आजादी की धुन’ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का सुनहरा अवसर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय – राष्ट्रवाणी
- बिहान से जुड़कर संज्योति चौहान बनीं बैंक सखी, ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं देकर हासिल की आत्मनिर्भरता’ – राष्ट्रवाणी
- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में बारसूर पहुंची बाइक तिरंगा यात्रा – राष्ट्रवाणी
- अमृत सरोवरों के तट पर मनेगा स्वतंत्रता दिवस, जांजगीर-चांपा में होंगे विशेष आयोजन – राष्ट्रवाणी
- जीजामगांव आईटीआई में इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड का पहला बैच शुरू, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर – राष्ट्रवाणी
- शहीद के घर पहुंचकर एसडीएम ने भेंट किया तिरंगा, बलिदान को किया याद – राष्ट्रवाणी
- चैतमा के पास भीषण सड़क हादसा! कार-बाइक की सीधी टक्कर में 3 दोस्तों की मौत, गांव में छाया मातम – राष्ट्रवाणी

