राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: सरकंडा क्षेत्र में रहने वाला आदतन बदमाश अपने साथियों के साथ एक होटल में रुककर अय्याशी कर रहा था। बेहिसाब रुपये खर्च करने की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। तब पता चला कि बदमाशों ने पिछले एक साल से एक छात्रा को धमकाकर करीब 14 लाख 50 हजार रुपये और आधा किलो सोने के जेवर ले लिया है। नाबालिग के दिए रुपयों से आरोपित मौज कर रहे थे। अब पीड़ित ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस ने चार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। सरकंडा टीआइ प्रदीप आर्य ने बताया कि आदतन बदमाश आयुष यादव(22) शहर के एक होटल सेलिब्रेशन में रूम लेकर अपने दोस्तों के साथ ठहरा था। इस दौरान वह बेहिसाब खर्च कर रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की। इस दौरान उसके पास सोने की चेन और अंगूठी भी मिली। इस संबंध में आयुष गोलमोल जवाब दे रहा था। कड़ाई करने पर उसने बताया कि सोने की चेन और रुपये राजीव विहार कालोनी में रहने वाली 12 वीं कक्षा की 17 साल की नाबालिग ने दी है। जब इसकी तस्दीक कराई गई तब पता चला कि एक साल पहले नाबालिग अपने परिचित के साथ पैसा निकालने एटीएम गई थी। साथ में परिचित का एक बालक भी था। आरोपित आयुष भी एटीएम के पास मौजूद था। आरोपित ने नाबालिग को धमकाकर पैसे लूट लिए और कहा कि किसी को बताने पर साथ में आए लड़के को मार देगा। इससे नाबालिग डर गई। इसका फायदा उठाकर आयुष और उसके साथियों ने नाबालिग छात्रा को धमकाकर करीब एक साल से रुपये ले रहे थे। जब बैंक के रुपये खत्म हो गए तब आरोपित ने उससे करीब आधा किलो सोना ले लिया। घरवालों को जब इसकी जानकारी हुई तो पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने में की। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित आयुष यादव(22) निवासी मोपका विवेकानंद नगर कालोनी, आदर्श शर्मा(19), प्रिंस साहू(18) दोनों निवासी निवासी दीनदयाल कालोनी बहतराई और आदित्य पांडेय(19) निवासी राजकिशोर नगर बजरंग चौक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित युवकों ने बताया कि वे करीब एक साल से नाबालिग से रुपये ले रहे थे। उन्होंने कुछ सोना और रुपये प्रियम शर्मा, शौर्य करोलिया को दिए हैं। अब पुलिस फरार आरोपित की तलाश कर रही है। एएसआइ का बेटा है आरोपित, आरक्षक की भतीजी पीड़ित पुलिस ने जब आरोपित आयुष को पकड़कर पूछताछ की तब पता चला कि उसके पिता धर्मेंद्र यादव एएसआइ हैं। वहीं, पीड़ित नाबालिग के चाचा भी पुलिस विभाग में आरक्षक हैं। आरोपित आयुष आदतन बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास के दो मामले समेत छह अपराध दर्ज हैं। वहीं, फरार आरोपित के खिलाफ भी पहले से शिकायत मिली थी। अवैध वसूली और धमकाने की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित आयुष यादव के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी जब्त की है। पूछताछ में पता चला है कि नाबालिग ने उन्हें करीब आधा किलो सोना दिया है। मामले में दो आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी से पता चलेगा कि सोना कहां खपाया गया है। वहीं, रुपयों को आरोपित ने खाने-पीने में उड़ा दिया है। नाबलिग से मिले रुपयों से आरोपित ने एक एक्टिवा ली थी। पुलिस ने एक्टिवा को जब्त कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि नाबालिग अपने दादा-दादी के साथ रहकर पढ़ाई कर रही है। उसके पिता दूसरे शहर में नौकरी करते हैं। मां भी पिता के साथ रह रही है। नाबालिग ही अपने दादा के एकाउंट से एटीएम के माध्यम से रुपये निकालती थी। इसी का फायदा बदमाशों ने उठाया। एक साल तक वह रुपये बदमाशों को देती रही। जब बैंक में रुपये कम हुए तब उसने सोने के जेवर देने शुरू कर दिए। बदमाशों ने घर के सदस्यों को मारने की भी धमकी दी थी। जब एसीसीयू और पुलिस की टीम ने इसकी जानकारी स्वजन को दी तब उन्हें पता चला कि बैंक एकाउंट खाली है। साथ ही घर से करीब आधा किलो सोने के जेवर गायब हैं।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version