राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। जिले के सुदूर वनांचल और पहाड़ी अंचलों में बसे गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़कों का व्यापक संजाल बिछाया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत कोटा के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए 173 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से 60 नई सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। लोक निर्माण और पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा अब तक 21 सड़कें पूर्ण कर ली गई हैं, जिससे दूरस्थ गांवों की दूरी सिमटने लगी है। वर्षों से कीचड़, पत्थरों और बारिश के मौसम में संपर्क टूटने की मार झेल रहे वनांचल व विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल इलाकों की तस्वीर अब बदलने लगी है। शासकीय प्रगति आंकड़ों के अनुसार पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत कोटा क्षेत्र के पहाड़ी व दुर्गम क्षेत्रों के लिए 97 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से 134 किलोमीटर लंबी 33 सड़कें स्वीकृत की गई थीं। इनमें से 63 करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर 69 किलोमीटर लंबी 21 सड़कें सफलतापूर्वक पूरी कराई जा चुकी हैं, जिससे दर्जनों बैगा-पहाड़ी कोरवा बसाहटें पहली बार पक्के संपर्क मार्ग से जुड़ गई हैं। दूसरी ओर, ग्रामीण यातायात व्यवस्था को और मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस-4 के तहत 76 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से 81 किलोमीटर लंबी 27 नई सड़कें स्वीकृत कर काम शुरू कर दिया गया है। राहत की बात यह है कि जिले में स्वीकृत सभी सड़कों पर कार्य चालू है। पक्की सड़कें बनने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार तक पहुंचने में आसानी हो रही है, वहीं आपात स्थिति में एम्बुलेंस का गांव-गांव तक पहुंचना भी संभव हो गया है। कोटा के वनांचल दूरस्थ क्षेत्रों में डामर की पक्की सड़कें बनने से सबसे बड़ा लाभ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा। अब तक नदी-नालों में उफान और कीचड़ के कारण एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती थी, जिससे समय पर इलाज न मिलने से गर्भवती महिलाओं और मरीजों की जान पर बन आती थी। अब पक्के संपर्क मार्ग से यह समस्या हमेशा के लिए दूर होगी। पक्के सड़क नेटवर्क से वनांचल की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधी संजीवनी मिली है। बैगा और पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोग अब अपने जंगलों से एकत्र महुआ, हर्रा, बहेड़ा और स्थानीय सब्जियों को समय पर नजदीकी मंडियों और शहरों तक पहुंचा सकेंगे। बिचौलियों की निर्भरता खत्म होगी और किसानों को उनकी उपज का पूरा वाजिब दाम मिल सकेगा। पीएम-जनमन और फेस-4 के तहत स्वीकृत सभी सड़कों पर गुणवत्ता के साथ काम कराया जा रहा है। 21 सड़कें पूरी हो चुकी हैं, ग्रामीण क्षेत्रो में सुगम यातायात की सुविधा होने से स्कूल, स्वास्थ्य सुविधा और लोगों की पहुंच बाजार-बाजार तक आसान हो रही है।संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर।
Trending
- मुख्यमंत्री साय ने लॉन्च किया ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान : गांवों के विकास व बेटियों के सम्मान के लिए 696 करोड़ की योजना – राष्ट्रवाणी
- कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम : वारदात से पहले 3 युवक गिरफ्तार – राष्ट्रवाणी
- जांजगीर-चांपा के मालखरौदा में पीएम ग्रामीण सड़क चार कम तक गड्ढों में तब्दील, स्कूली बच्चे चोटिल, मरीज परेशान – राष्ट्रवाणी
- आंबडेकर अस्पताल को नहीं मिल रहे डॉक्टर, 135 पदों पर सीधी भर्ती के इंटरव्यू में आए सिर्फ छह, पांच का चयन – राष्ट्रवाणी
- महानदी जल विवाद ट्रिब्यूनल का कार्यकाल 13 जनवरी तक बढ़ा: छत्तीसगढ़-ओडिशा के बीच जल विवाद छह माह में सुलझेगा – राष्ट्रवाणी
- भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव : अब नौकरियों में वेटिंग लिस्ट नहीं, रिजल्ट के 40 दिन के भीतर मिलेगा नियुक्ति पत्र – राष्ट्रवाणी
- 13 साल बाद झीरम में इंसाफ की दस्तक, 10 अगस्त को होगी आखिरी बहस… – राष्ट्रवाणी
- ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत! चंदनीडीह से पुराने धमतरी रोड तक बनेगी नई सड़क, सभी विभाग के अधिकारी करेंगे प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण – राष्ट्रवाणी
