राष्ट्रवाणी: रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे कार्रवाई करते हुए 106.19 ग्राम एमडीएमए के साथ राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त एमडीएमए और आईफोन समेत कुल मशरूका की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनिवास माचरा (उम्र 22 साल) के रूप में हुई है। वह ग्राम केरला नाडा बिकमकोर, थाना मतोड़ा, जिला फलोदी, राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी रायपुर में एमडीएमए की खेप सप्लाई करने के इरादे से आया था। पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक व्यक्ति एमडीएमए लेकर खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को सूचना का सत्यापन करने और सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने निगरानी करते हुए मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामनिवास माचरा बताया। पुलिस टीम ने आरोपी के पास रखे बैग की तलाशी ली तो उसमें एमडीएमए बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी से मादक पदार्थ रखने और उसके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 106.19 ग्राम एमडीएमए और मामले से संबंधित एक आईफोन जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। मामले में थाना गंज में धारा 22(ग) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एमडीएमए की बिक्री करता है। वह अपने साथियों के कहने पर एमडीएमए की खेप लेकर रायपुर में सप्लाई करने आया था। अब पुलिस आरोपी से एमडीएमए की खरीदी के स्रोत, सप्लायर, रायपुर में खेप प्राप्त करने वाले लोगों और उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार एनडीपीएस एक्ट के 73 प्रकरणों में कुल 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में करीब 5 करोड़ 47 लाख 4 हजार 290 रुपये कीमत की अलग-अलग सामग्री जब्त की गई है। जब्त सामान में 588.97 किलोग्राम गांजा, 2.5 ग्राम ओसियन ग्रो गांजा, 27,875 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, 173 ग्राम एमडीएमए, 8 पार्टी पिल्स, 4.55 ग्राम कोकीन, 251 शीशी सिरप, 0.547 ग्राम डोडा, 20.740 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 0.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 71 ग्राम अफीम शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने इन मामलों में 13,55,830 रुपये नकद, 8 चारपहिया वाहन, 11 दोपहिया वाहन और 81 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान एक कट्टा और दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। एमडीएमए बरामदगी के इस मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में एंड-टू-एंड जांच जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version