राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित पीजी उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय की छात्राओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर वैश्विक स्तर पर परचम लहरा सकते हैं। हाल ही में इन होनहार छात्राओं का चयन प्रतिष्ठित ‘ब्रिक्स-2026 स्कूल जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट शोकेस’ के लिए हुआ, जहां उन्होंने अपनी अनूठी कला का प्रदर्शन किया। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन 22 जुलाई 2026 को भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आइआइएसईआर), तिरुपति में संपन्न हुआ था। इस मंच पर ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के समक्ष विद्यार्थियों ने अपनी आधुनिक वैज्ञानिक परियोजनाओं को रखा। छत्तीसगढ़ से चयनित यह एकमात्र विद्यालय था, जिसने अपनी अनूठी प्रस्तुति से सबका ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय की छात्रा वार्तिका पाटिल (कक्षा आठवीं) और उमेश्वरी साहू (कक्षा सातवीं) ने शिक्षिका रीता मंडल के मार्गदर्शन में इस प्रोजेक्ट को तैयार किया। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआइएस), सैटेलाइट इमेजरी, मोबाइल मैपिंग और आधुनिक जियोस्पेशियल तकनीकों का उपयोग कर सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी-6) यानी ‘सभी के लिए स्वच्छ जल और स्वच्छता’ के महत्व को समझाना था। यह कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) और पुणे के बीवीआइईईआर के सहयोग से आयोजित हुआ था। छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला कलेक्टर डा. गौरव सिंह ने रेडक्रास सभा कक्ष में शिक्षिका रीता मंडल, वार्तिका पाटिल और उमेश्वरी साहू को शाल एवं प्रेरणादायी पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने इसे पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया और अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version