राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कोरबा। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में केंद्र सरकार से स्वीकृत 40 ई-बसों के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इनमें 20 नौ मीटर लंबी बड़ी ई-बसें मुख्य मार्गों पर संचालित होंगी, जबकि 20 सात मीटर लंबी ई-मिनी बसें कालोनियों और संकरी सड़कों पर चलेंगी। इससे शहर के भीतरी इलाकों तक सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। अगस्त के अंत तक ई-बस सेवा शुरू होने की संभावना है। सभी ई-बसें प्रतिदिन शहरी और उपनगरीय क्षेत्रों में लगभग 400 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। नई व्यवस्था से विद्यार्थियों, मरीजों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित, सस्ता और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा। साथ ही डीजल की खपत घटेगी और वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी। दर्री स्थित प्रतीक्षा बस स्टैंड में ई-बसों की चार्जिंग के लिए करीब 1.54 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे सब स्टेशन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। वहीं, ई-बसों के रखरखाव के लिए वर्कशाप और प्रशासनिक भवन का निर्माण भी अंतिम चरण में है। अधिकारियों के अनुसार सभी तैयारियां पूरी होते ही अगस्त के अंत तक ई-बस सेवा शुरू की जा सकती है। ई-मिनी बसों को विशेष रूप से कॉलोनियों और संकरी सड़कों को ध्यान में रखकर शामिल किया गया है। ये बसें रविशंकर शुक्ल नगर, आरपी नगर, एमपी नगर और टीपी नगर के भीतरी मार्गों पर आसानी से संचालित हो सकेंगी। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल तथा अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। नगर निगम ने ई-बसों के लिए रूट चार्ट भी तैयार कर लिया है। नई बसें नगर निगम क्षेत्र के साथ ही बांकीमोंगरा, दीपका, बालको और हरदीबाजार जैसे प्रमुख उपनगरीय क्षेत्रों को जोड़ेंगी। प्रतीक्षा बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड और नया बस स्टैंड से नियमित सेवाएं संचालित की जाएंगी। रूट निर्धारण में पीएम स्कूल, पीजी कालेज, कमला नेहरू महाविद्यालय, मिनीमाता महाविद्यालय, मेडिकल कालेज और रेलवे स्टेशन तक पहुंच को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इससे विद्यार्थियों के साथ ही इलाज के लिए अस्पताल जाने वाले मरीजों और रेल यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। ई-बसों के संचालन से डीजल और पेट्रोल की खपत में कमी आएगी तथा वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। सार्वजनिक परिवहन मजबूत होने से निजी वाहनों पर निर्भरता भी घटेगी, जिससे शहर का वातावरण अधिक स्वच्छ और स्वस्थ बनेगा। ई-बसें एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर लगभग 200 किलोमीटर तक चल सकेंगी। भविष्य में इसी चार्जिंग स्टेशन पर अन्य इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहनों को भी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इससे शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। नई ई-बस सेवा से नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ नगर निगम को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा। बसों के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। वहीं, कोरोना काल से पहले संचालित 48 पुरानी सिटी बसों की नीलामी की तैयारी भी की जा रही है, ताकि नई ई-बसों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जा सके। शहर में लंबे समय से सार्वजनिक परिवहन के सीमित विकल्प के कारण लोगों को निजी वाहनों, आटो और अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। नई बस सेवा शुरू होने के बाद नियमित यात्रा करने वाले लोगों को एक व्यवस्थित विकल्प मिलने की उम्मीद है। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना बाजार आने-जाने वालों का समय और खर्च दोनों कम हो सकते हैं। बसों की समय-सारिणी और ठहराव की व्यवस्था प्रभावी रही तो अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को एक ही स्थान पर वाहन बदलने की परेशानी से भी राहत मिल सकती है। सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ने से प्रमुख मार्गों पर निजी वाहनों की संख्या और यातायात का दबाव कम होने की भी संभावना है। ई-बसों के संचालन की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। चार्जिंग सब स्टेशन लगभग तैयार है और प्रशासनिक भवन व वर्कशाप भी शीघ्र पूरे हो जाएंगे। 40 ई-बसों में 20 ई-मिनी बसें शामिल हैं, जिनके संचालन से कालोनियों के भीतरी मार्गों तक पहुंच आसान होगी। रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है, जिसमें स्कूल, कालेज, अस्पताल, रेलवे स्टेशन और निकटवर्ती कोयला क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। ई-बस सेवा शुरू होने के बाद शहरवासियों को सुरक्षित, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी। – राकेश मसीह, कार्यपालन अभियंता, नगर निगम
Trending
- स्मार्ट मीटर संबंधी भ्रांतियों का आधिकारिक आंकड़ों से मिला स्पष्ट उत्तर
- शिक्षा से विकसित छत्तीसगढ़ तक: मुख्यमंत्री साय ने नीट क्वालीफाई विद्यार्थियों के साथ साझा किया भविष्य का रोडमैप
- वर्तमान चुनौतियों और आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार नए आपराधिक कानूनों ने न्याय व्यवस्था में लाया ऐतिहासिक परिवर्तन : CM साय
- Spider-Man फिल्म देखने के दौरान बवाल: थिएटर में दो गुटों के बीच हुई जमकर मारपीट, लात-घूंसों के साथ चले हथौड़े, देखें Video… – राष्ट्रवाणी
- राज्यपाल डेका और मुख्यमंत्री साय की उपस्थिति में लोक भवन में हुआ ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान‘ का शुभारंभ – राष्ट्रवाणी
- राष्ट्रपति भवन पहुंची बस्तर की लोक परंपराओं की गौरवगाथा – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में विवादित बयान पर घिरीं भाजपा विधायक, भारी विरोध के बाद जताया खेद, पुलिस और वकीलों पर दिया था बयान – राष्ट्रवाणी
- सरगुजा में अंडा नहीं मिलने पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, गांव में मची अफरा-तफरी, विदेो विराल – राष्ट्रवाणी
