राष्ट्रवाणी: राज्य ब्यूरो, , रायपुर। नवा रायपुर के सेक्टर-32 में 54 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सरकारी इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल का निर्माण नवंबर तक पूरा होने की संभावना है। करीब 20 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस आवासीय विद्यालय का निर्माण विगत चार वर्षों से जारी है। परियोजना पूरी होने के बाद यहां कक्षा छठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लेकिन, स्कूल किस शिक्षा बोर्ड से संचालित होगा, इस पर अब तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इसके अलावा शिक्षकों की नियुक्ति और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर भी सरकार को जल्द फैसला लेना होगा, ताकि भवन तैयार होने के बाद विद्यालय का संचालन शुरू हो सके। सितंबर 2022 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने दावा किया था कि वर्ष 2023 से एक हजार विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल का संचालन शुरू हो जाएगा, लेकिन निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया। पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में परियोजना के लिए पहली किस्त के रूप में 26 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। सरकार बदलने के बाद अतिरिक्त राशि समय पर स्वीकृत नहीं होने से ठेकेदार ने कुछ समय के लिए निर्माण कार्य रोक दिया था। बाद में वित्तीय स्वीकृतियां मिलने पर निर्माण दोबारा शुरू हुआ। स्कूल का निर्माण दो चरणों में प्रस्तावित था। पहले चरण में अकादमिक भवन, प्रयोगशालाएं, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, डाइनिंग हाल, इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्वीमिंग पूल, हॉर्स राइडिंग सुविधा और खेल मैदान विकसित किए जाने थे। दूसरे चरण में ऑडिटोरियम, विद्यार्थियों के लिए छात्रावास और अन्य सुविधाओं का निर्माण प्रस्तावित था। विधानसभा के मानसून सत्र में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने नवा रायपुर में निर्माणाधीन इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल की वित्तीय और भौतिक प्रगति को लेकर प्रश्न लगाया था। जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि परियोजना को पांच अक्टूबर 2021 को स्वीकृति मिली थी और 10 सितंबर 2022 से निर्माण कार्य शुरू हुआ। वर्तमान में करीब 70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। परियोजना की अनुमानित लागत 49.52 करोड़ रुपये है, जिसकी स्वीकृति दी जा चुकी है। अब तक 35.89 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। स्कूल के संचालन के लिए किस शिक्षा बोर्ड को अपनाया जाएगा, इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है। विद्यालय में 700 विद्यार्थियों के अध्ययन और 328 विद्यार्थियों के आवास की वर्तमान में व्यवस्था है। इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग को तय करना है कि बोर्डिंग स्कूल का संचालन कौन करेगा। – चंदन कुमार, सीईओ, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version