Close Menu
Rashtrawani
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • देश
  • विदेश
  • खेल
  • व्यापार
  • मनोरंजन
  • स्वास्थ्य
  • लाइफस्टाइल
प्रमुख राष्ट्रवाणी

छत्तीसगढ़: होमगार्ड के जवानों को मिलेगा पुलिस कर्मियों के समान वेतन

March 15, 2026

गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री श्री साय

March 14, 2026

बस्तर क्षेत्र में खुशहाली और शांति बहाल करने में हो रहे हैं कामयाब: CM साय

March 14, 2026
Facebook X (Twitter) Instagram
  • Terms
  • About Us – राष्ट्रवाणी | Rashtrawani
  • Contact
Facebook X (Twitter) Instagram
RashtrawaniRashtrawani
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • देश
  • विदेश
  • खेल
  • व्यापार
  • मनोरंजन
  • स्वास्थ्य
  • लाइफस्टाइल
Subscribe
Rashtrawani
Home»Country»लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त, 242 लोग थे सवार
Country

लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त, 242 लोग थे सवार

Team RashtrawaniBy Team RashtrawaniJune 12, 2025No Comments15 Mins Read
Share Facebook Twitter Pinterest LinkedIn Tumblr Reddit Telegram Email
Share
Facebook Twitter LinkedIn Pinterest Email

अहमदाबाद/ब्रसेल्स/ मॉस्को/माले. लंदन जा रहा एअर इंडिया का एक विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे. हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है. अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाले विमान में सवार यात्रियों में संभवत: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता विजय रुपाणी भी थे.

विमान बृहस्पतिवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट मेघाणी नगर में शहर के सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं र्निसंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक बयान के अनुसार, ”विमान ने अहमदाबाद से अपराह्न 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी. इसने एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) को ‘मेडे’ (आपातकालीन संदेश देने के लिए) कॉल किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला.” दुर्घटनास्थल के वीडियो में झुलसे हुए शवों को बाहर निकाले जाते तथा घायलों को, जिनमें से कई झुलसे हुए थे, नजदीक स्थित शहर के सिविल अस्पताल में ले जाते देखा जा सकता है.

दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों का कोई आधिकारिक अनुमान नहीं लगाया जा सका है. यह 2020 के बाद से भारत की दूसरी सबसे बड़ी विमान दुर्घटना है, जब एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान केरल के कोझीकोड में उतरते समय गीले रनवे से फिसल गया और उसके दो टुकड़े हो गये थे. विमान में सवार 190 लोगों में से दो पायलट सहित 21 लोगों की जान चली गई थी. बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम तेजी से नीचे आते देखा गया और यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अहमदाबाद में प्रत्यक्षर्दिशयों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि इसकी वजह से कम से कम एक बहुमंजिला इमारत बुरी तरह प्रभावित हो गई.
शहर में हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विमान दुर्घटना को हृदय विदारक आपदा बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अहमदाबाद की त्रासदी से हम स्तब्ध और दुखी हैं. यह हृदय विदारक है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता.” सूत्रों ने बताया कि मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से भी बात की तथा उनसे अहमदाबाद जाकर, दुर्घटना प्रभावित लोगों को तत्काल यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है.
डीजीसीए ने एक बयान में बताया कि उड़ान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के हाथों में थी. उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे. सभरवाल के पास 8,200 घंटे की उड़ान का अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे की उड़ान का अनुभव था.
बयान के अनुसार, रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर, नीचे गिर गया.

बयान में कहा गया है, ”12 जून 2025 को एअर इंडिया का बी787 विमान वीटी-एएनबी (अहमदाबाद से गैटविक के लिए) उड़ान संख्या एआई-171 के साथ अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया.” इसमें कहा गया है कि विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे. एअर इंडिया के अनुसार, अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रही उड़ान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे. विमानन सूत्रों ने बताया कि विमान जमीन पर गिरने से पहले महज 600 से 800 फुट ऊपर चढ़ा था.

प्रत्यक्षदर्शी हरेश शाह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”विमान बहुत नीचे उड़ रहा था और यह सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों और र्निसंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर से टकरा गया.” उन्होंने कहा, ”वहां कई पांच मंजिला इमारतें हैं, जो चिकित्सकों और र्निसंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर हैं. उन अपार्टमेंट में रहने वाले कई लोग घायल हुए हैं, क्योंकि विमान के साथ-साथ इमारतों में भी आग लग गई.” एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि परिसर में मौजूद कई कारें और वाहन भी आग की चपेट में आ गए.
नागरिक उड्डयन मंत्री के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मोदी ने व्यक्तिगत रूप से नायडू से बात की और विमान दुर्घटना की जानकारी ली.

कार्यालय के मुताबिक, ”मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह जमीनी स्तर पर बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं.” एक अधिकारी ने बताया, ”प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है तथा स्थिति के बारे में नियमित रूप से जानकारी देने को कहा है.” वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बातचीत की है.

एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि दुर्घटना स्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की सहायता के लिए एयरलाइन हर संभव प्रयास कर रही है और इस हादसे में प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी. चंद्रशेखरन ने एक बयान में कहा, ”बहुत दुख के साथ, मैं पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की उड़ान, एआई 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस घटना में प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं.” चंद्रशेखरन टाटा समूह के चेयरमैन भी हैं.

उन्होंने कहा, ”इस समय हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता करने पर है. हम दुर्घटना स्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं.” विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग ने एक बयान में कहा कि उसे दुर्घटना की ”प्रारंभिक रिपोर्टों” की जानकारी है तथा वह अधिक ब्यौरा जुटा रही है.

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, ”हमने और विवरण उपलब्ध कराने के लिए एक यात्री हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 शुरू किया है.” बृहस्पतिवार को हुई विमान दुर्घटना, गुजरात के इस शहर में दूसरी हवाई दुर्घटना है. 19 अक्टूबर 1988 को इंडियन एयरलाइंस का एक विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 130 लोग मारे गए थे.

विभिन्न राज्यों के मु्ख्यमंत्रियों एवं वरिष्ठ नेताओं ने जताया दुख

अहमदाबाद हवाई अड्डे से 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लंदन ले जा रहे एअर इंडिया के एक विमान के बृहस्पतिवार दोपहर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त होने पर देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और शीर्ष नेताओं ने दुख व्यक्त किया है.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विमान हादसे को बेहद दर्दनाक व हैरान करने वाला बताया और सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की. रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ” अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और स्तब्ध कर देने वाला है. मैं सभी यात्रियों एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ. ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी यात्री सकुशल हों और घायल लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले. इस कठिन समय में हम सभी प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़े हैं.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत प्रयासों में भाग लेने और एअर इंडिया विमान दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का आग्रह किया.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और जारी राहत प्रयासों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पाटिल से बात की है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘एक्स’ पर कहा, “अहमदाबाद हवाई अड्डे पर एअर इंडिया यात्री विमान की घटना के बारे में जानकर दुख हुआ और स्तब्ध हूं. सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं.”

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने विमान हादसे पर दुख जताया और कहा कि विमानन कंपनियों को अपने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पुनर्मूल्यांकन और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए. अकोला का दौरा कर रहे पवार ने कहा कि यह दुर्घटना चौंकाने वाली, दर्दनाक और दुखद है. उन्होंने कहा कि पूरा महाराष्ट्र और पूरा देश इस घटना से शोक में डूबा है और सभी लोग प्रभावित परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं.

शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उबाठा) विधायक आदित्य ठाकरे ने भी कहा कि वह इस घटना से स्तब्ध और दुखी हैं. उन्होंने कहा, “मैं जीवित बचे लोगों और उस विमान में सवार सभी लोगों के परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. आइए हम सभी के लिए उम्मीद और प्रार्थना करें.” केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वह अहमदाबाद विमान दुर्घटना की खबर सुनकर स्तब्ध और व्यथित हैं.

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और व्यथित हूं. आपदा मोचन बल सभी प्रभावितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं विमान में सवार सभी लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं.” राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार प्रमुख शरद पवार ने इस घटना को हृदय विदारक बताया और राहत पहुंचाने के लिए घटनास्थल पर काम कर रही एजेंसियों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को ‘दुखद और दर्दनाक’ बताया तथा विमान में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की. सैनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया के दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे की खबर दुखद और पीड़ादायक है. मैं यात्रियों व विमान स्टाफ (चालक दल) की कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं.” कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा इंडियन नेशनल लोकदल के अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला सहित विपक्षी दलों के नेताओं ने भी गुजरात के अहमदाबाद में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख जताया.

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने विमान दुर्घटना के बारे में कहा, “एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन उड़ान से जुड़ी दुखद घटना से मैं बहुत दुखी हूं. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी यात्रियों, चालक दल के सदस्यों और उनके परिवारों के साथ हैं.” उन्होंने कहा, “मैं भगवान श्री जगन्नाथ से सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.” ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने भी विमान दुर्घटना पर दुख जताया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं.

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि वह अहमदाबाद के पास हुए विमान हादसे से चिंतित हैं और उन्होंने सभी यात्रियों व चालक दल की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की. शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से बहुत चिंतित हूं. सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा और कुशलता के लिए प्रार्थना कर रहा हूं.” अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने विमान दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और इसे एक विनाशकारी घटना करार दिया.

खांडू ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से गहरा सदमा लगा है. मेरी हार्दिक प्रार्थनाएं यात्रियों, चालक दल के सदस्यों, उनके परिवारों और इस विनाशकारी घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं. दुख की इस घड़ी में शक्ति दें.” राज्य के उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने भी इस हृदय विदारक घटना पर संवेदना व्यक्त की. मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने भी एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख व्यक्त किया.

संगमा ने ‘एक्स’ पर कहा, “अहमदाबाद से लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से स्तब्ध और दुखी हूं. हम विमान में सवार सभी यात्रियों के परिवार के सदस्यों के लिए प्रार्थना करते हैं.” पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख जाहिर किया. मुख्यमंत्री मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है. एक यात्री विमान उड़ान के दौरान एक रिहायशी इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. धुएं और तबाही की तस्वीरें बेहद परेशान करने वाली हैं.”

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा, “हवाई दुर्घटना की खबर से बेहद दुखी हूं. प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ मेरी प्रार्थनाएं हैं.” कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “यह जानकर गहरा सदमा लगा कि 200 से ज्यादा यात्रियों को ले जा रहा एअर इंडिया का विमान गुजरात के अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.” उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है. मैं सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि प्रभावित सभी लोगों को समय पर मदद मिले.” उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में दुर्घटना के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा, “अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से मैं बहुत दुखी हूं. इस हृदय विदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है. इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारत सरकार को गहन और पारदर्शी जांच करानी चाहिए.” बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में हुआ विमान हादसा बेहद दुखद और हृदय विदारक है. एअर इंडिया विमान दुर्घटना की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं.” इसके अलावा झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना व तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपालों ने विमान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

पुतिन सहित विश्व नेताओं ने प्रभावित परिवारों के प्रति जताई संवेदना

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ सहित कई विश्व नेताओं ने बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर शोक व्यक्त किया और प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं.
लंदन के गैटविक जा रही एअर इंडिया की उड़ान (एआई171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपराह्न करीब 1:40 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई. विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे और हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है.

क्रेमलिन (रूसी सरकार का मुख्यालय) ने मॉस्को में जारी बयान में कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अहमदाबाद में विमान दुर्घटना पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपनी गहरी संवेदना प्रेषित की है. पुतिन ने भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजे संदेश में कहा, ”अहमदाबाद हवाई अड्डे के नजदीक हुए विमान हादसे के दुखद परिणामों पर मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें. कृपया मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी सहानुभूति और समर्थन व्यक्त करें तथा दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें.” लेयेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की दुखद खबर भारत से आई है. इस भयावह हादसे के पीड़ित परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. हम आपकी इस पीड़ा को साझा करते हैं. माननीय नरेन्द्र मोदी यूरोप इस दुख की घड़ी में आपके और भारत के लोगों के साथ एकजुटता प्रकट करता है.”

मुइज्जू ने इस दुखद हादसे पर ”गहरा शोक” व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”इस कठिन समय में, मालदीव की सरकार और जनता भारत के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता में खड़े हैं.” मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम ने कहा कि वह इस दुखद हादसे के बारे में जानकर ”बहुत व्यथित” हैं. उन्होंने कहा,”मलेशिया की सरकार और जनता की ओर से मैं प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं.’ इब्राहिम ने ‘एक्स’ पर कहा, ”हम भारत के दुख में शामिल हैं और राहत कार्य जारी रहने के दौरान पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और इस भयावह क्षति पर शोक मना रहे सभी लोगों के साथ हैं.” नेपाल के प्रचंड ने कहा कि वह इस विमान हादसे से ‘बहुत दुखी’ हैं. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. नेपाल इस दुख की घड़ी में भारत के साथ खड़ा है.”

एएआईबी एअर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच करेगा

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अहमदाबाद विमान हादसे की जांच करेगा. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. बृहस्पतिवार को दुर्घटना के शिकार हुए एअर इंडिया के ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान में 12 चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग  सवार थे. अधिकारी ने कहा कि एएआईबी के महानिदेशक और एजेंसी में जांच निदेशक सहित अन्य लोग अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे.
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत, एएआईबी भारतीय हवाई क्षेत्र में परिचालित विमानों की सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं को दुर्घटनाओं और गंभीर घटनाओं में वर्गीकृत करने के का दायित्व संभालता है. यह दुर्घटनाओं की विस्तृत जांच करता है और सुरक्षा में सुधार के लिए विभिन्न उपायों के सुझाव भी देता है.

बोइंग ने एक बयान में कहा, ”हमें शुरुआती रिपोर्टों की जानकारी है और हम अधिक जानकारी जुटाने के लिए काम कर रहे हैं.” नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने विमान दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. नायडू ने कहा, ”हम उच्चतम स्तर की सतर्कता बरत रहे हैं. मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी विमानन और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.” उन्होंने दोपहर बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”बचाव दल को तैनात कर दिया गया है और चिकित्सा सहायता एवं राहत सहायता को घटनास्थल पर पहुंचाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं.” मंत्री जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए विजयवाड़ा से अहमदाबाद पहुंचे.

Share. Facebook Twitter Pinterest LinkedIn Tumblr Email
Previous Articleमुख्यमंत्री साय ने गुजरात में हुई विमान दुर्घटना पर जताया गहरा शोक
Next Article राजनांदगांव में रेत माफियाओं ने ग्रामीणों पर चलाई गोली, मारपीट में तीन लोग घायल
Team Rashtrawani
  • Website

Related Posts

Country

वाराणसी में दीपावली पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम को सुगंधित फूलों और रोशनी से सजाया गया

October 18, 2025
Country

असम मंत्रिपरिषद का विस्तार, बीपीएफ के विधायक चरण बोरो को शामिल किया गया

October 18, 2025
Country

हाथरस में फर्जी मुठभेड़ में गिरफ्तार दो युवक अंतिम रिपोर्ट लगने के बाद रिहा

October 18, 2025
Add A Comment
Leave A Reply Cancel Reply

Ads
Top Posts

सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

April 30, 202547 Views

निर्मला सीतारमण ने जातिगत गणना का श्रेय लेने पर तमिलनाडु सरकार को घेरा

May 3, 202546 Views

चपरासी से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के आरोप में एक प्रिंसिपल और प्रोफेसर निलंबित

April 8, 202543 Views
Stay In Touch
  • Facebook
  • WhatsApp
  • Twitter
  • Instagram
Latest Reviews
राष्ट्रवाणी

राष्ट्रवाणी के वैचारिक प्रकल्प है। यहां आपको राष्ट्र हित के ऐसे दृष्टिकोण पर आधारित समाचार, विचार और अभिमत प्राप्त होंगे, जो भारतीयता, हिंदुत्व और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली, विश्व बंधुत्व और वसुधैव कुटुंबकम के शाश्वत चिंतन को पुष्ट करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

Most Popular

सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

April 30, 202547 Views

निर्मला सीतारमण ने जातिगत गणना का श्रेय लेने पर तमिलनाडु सरकार को घेरा

May 3, 202546 Views

चपरासी से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के आरोप में एक प्रिंसिपल और प्रोफेसर निलंबित

April 8, 202543 Views
Our Picks

छत्तीसगढ़: होमगार्ड के जवानों को मिलेगा पुलिस कर्मियों के समान वेतन

March 15, 2026

गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री श्री साय

March 14, 2026

बस्तर क्षेत्र में खुशहाली और शांति बहाल करने में हो रहे हैं कामयाब: CM साय

March 14, 2026
Facebook X (Twitter) Instagram Pinterest
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • देश
  • विदेश
  • खेल
  • व्यापार
  • मनोरंजन
  • स्वास्थ्य
  • लाइफस्टाइल
© 2026 Rashtrawani

Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.