बठिंडा. पंजाब की सोशल मीडिया ‘इन्फ्लुएंसर’ कंचन कुमारी की हत्या के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. बठिंडा में एक पार्किंग में खड़ी कार में कंचन का शव मिला था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमनीत कोंडल ने बताया कि हत्या में शामिल तीन लोगों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन मुख्य साजिशकर्ता फरार है.
उन्होंने बताया कि मोगा के जसप्रीत सिंह (32) और तरन तारन के निमरजीत सिंह (21) को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अमृतपाल सिंह मेहरों फरार है. एसएसपी ने बताया कि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है जो एक स्वयंभू सिख कट्टरपंथी नेता है. जसप्रीत और निमरजीत को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया गया. दोनों की पहचान निहंग के रूप में की गई है. कंचन नौ जून से लापता थीं. जिस कार में उनका शव मिला है, वह कार उनकी ही है.
‘कमल कौर भाभी’ के नाम से मशहूर 30 वर्षीय कंचन के ‘इंस्टाग्राम’ पर 3.84 लाख ‘फॉलोअर्स’ हैं और वह ‘फनी भाभी टीवी’ नाम से एक यूट्यूब चैनल चलाती थीं, जिसके 2.36 लाख ‘सब्सक्राइबर’ हैं. एसएसपी ने बताया कि लुधियाना निवासी कंचन की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी. गिरफ्तार किए गए लोगों ने प्रारंभिक जांच के दौरान बताया कि उन्होंने कंचन द्वारा ”समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली अनैतिक और अश्लील सामग्री अपलोड करने” के कारण उनकी हत्या की.
एसएसपी ने बताया कि मेहरों ने पिछले सप्ताह एक व्यावसायिक बैठक के बहाने कंचन से कथित तौर पर संपर्क किया था और बाद में उन्हें प्रचार कार्यक्रम के लिए बठिंडा बुलाया गया था. वह नौ जून को जसप्रीत और निमरजीत के साथ घर से निकली थीं, जिसके बाद वह मृत पाई गईं. एसएसपी ने बताया कि उनकी मां गिरजा देवी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
कंचन ने अपनी मां को बताया था कि वह एक प्रचार कार्यक्रम के लिए जा रही हैं, लेकिन उसके बाद उनके परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो पाया. कंचन का शव तब मिला, जब स्थानीय लोगों ने पुलिस को बठिंडा के आदेश विश्वविद्यालय के पास पार्किंग क्षेत्र में एक कार से दुर्गंध आने की सूचना दी. कंचन के शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में लाया गया और उनकी मां ने अगले दिन शव की पहचान की.
इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें कथित तौर पर मेहरों यह कहते दिखाई दे रहा है कि उसके दो साथियों ने कंचन की हत्या सोशल मीडिया पर उनकी ”अनैतिक और अश्लील सामग्री” के कारण की है और उसने ”आपत्तिजनक सामग्री” बनाने वाले अन्य लोगों को भी ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी है.

