इंदौर/शिलांग. बहुर्चिचत राजा रघुवंशी हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने के लिए इंदौर आई मेघालय पुलिस बुधवार को मुख्य आरोपी सोनम और उसके कथित प्रेमी व सह-आरोपी राज कुशवाह के घरों में पहुंची और उनके परिजनों से पूछताछ की. सूत्रों ने बताया कि मेघालय पुलिस के जांच दल ने इस पहलू की थाह लेने की कोशिश भी की कि हनीमून के दौरान 29 वर्षीय ट्रांसपोर्ट कारोबारी की हत्या के पीछे कथित ‘प्रेम त्रिकोण’ के अलावा कोई और मकसद तो नहीं था? चश्मदीदों ने बताया कि मेघालय पुलिस का जांच दल सबसे पहले गोविंद नगर खारचा इलाके में सोनम के मायके पहुंचा जिसके बाद इस घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया गया. चश्मदीदों के मुताबिक मेघालय पुलिस का दल दो घंटे तक सोनम के मायके में रहा. बाद में मेघालय पुलिस का दल कुशवाह के घर पहुंचा और उसकी मां चुन्नी देवी से आधे घंटे तक पूछताछ की.
सोनम का परिवार फर्नीचर में इस्तेमाल होने वाली सनमाइका शीट का कारोबार करता है और वह गिरफ्तारी से पहले तक अपने पारिवारिक प्रतिष्ठान का कामकाज संभाल रही थी. स्थानीय पुलिस के मुताबिक राजा रघुवंशी हत्याकांड की साजिश रचने का आरोपी राज कुशवाह हालांकि 12वीं फेल है, लेकिन वह इस प्रतिष्ठान में बतौर लेखापाल काम करता था जहां सोनम से उसकी कथित नजदीकियां बढ़ीं.
सूत्रों ने बताया कि मेघालय पुलिस ने अलग-अलग सवालों के जरिये सोनम और कुशवाह के परिजनों से पूछा कि दोनों आरोपियों के बीच कैसे रिश्ते रहे हैं और क्या राजा रघुवंशी से सोनम की शादी के बाद उनके बर्ताव में कोई बदलाव आया था? सूत्रों के मुताबिक मेघालय पुलिस के दल ने सोनम के पारिवारिक प्रतिष्ठान के दफ्तर और गोदाम में भी जांच की और वहां काम करने वाले लोगों से पूछताछ की.
सूत्रों ने बताया कि जांच दल ने आरोपियों से जुड़े स्थलों के मुआयने और वहां से सबूत जुटाने के साथ ही यह पता लगाने की भी कोशिश की कि राजा रघुवंशी हत्याकांड के पीछे कथित ‘प्रेम त्रिकोण’ के अलावा कोई और मकसद तो नहीं था? मेघालय पुलिस के दल के सोनम के मायके से बाहर निकलने के तुरंत बाद उसका भाई गोविंद एक कार में सवार होकर मौके से रवाना हो गया और वह दिन भर चली जांच के दौरान मेघालय पुलिस के दल के साथ देखा गया.
गोविंद ने विस्तृत जानकारी दिए बगैर संवाददाताओं से कहा कि मेघालय पुलिस ने उनसे और उनके परिजनों से सोनम के बर्ताव को लेकर ‘सामान्य पूछताछ’ की. राजा रघुवंशी हत्याकांड से पहले किसी संजय वर्मा से सोनम की फोन पर कई बार लम्बी बातचीत की खबरों पर गोविंद ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं है. राजा रघुवंशी के परिवार ने मांग की है कि हत्याकांड का पूरा सच सामने लाने के लिए सोनम के परिवार के सभी सदस्यों का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए. इस मांग पर सोनम के भाई गोविंद ने कहा कि उन्होंने कोई ‘पाप’ नहीं किया है, लेकिन किसी व्यक्ति को कोई शक है, तो वह हर तरह की जांच से गुजरने के लिए तैयार हैं.
मेघालय पुलिस का दल मंगलवार रात राजा रघुवंशी के सहकार नगर स्थित घर पहुंचा था और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए थे.
राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने बताया, ”मेघालय पुलिस का तीन सदस्यीय दल हमारे घर करीब आधे घंटे तक रहा. दल ने हमसे सोनम के बर्ताव के बारे में सवाल किए. हमसे यह भी पूछा गया कि शादी के बाद सोनम हमारे घर कितने दिन रुकी थी?” मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी की 23 मई को साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह (20) और कुशवाह के तीन दोस्तों- विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया गया है.
रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे और उनका क्षत-विक्षत शव पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में दो जून को मिला था. सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस के सामने आठ जून को देर रात आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि कुशवाह समेत चार आरोपियों को मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया था. राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है. उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए थे. मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है.
राजा से शादी से पहले सोनम ने प्रेमी को किए थे 100 से ज्यादा फोन कॉल
मेघालय में हनीमून के दौरान पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप गिरफ्तार सोनम रघुवंशी ने अपनी शादी से पहले संजय वर्मा नामक एक व्यक्ति को 100 से अधिक फोन कॉल किए थे, बाद में जांच में पता चला कि यह उसके प्रेमी राज कुशवाह का छद्म नाम था. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.
पिछले महीने प्रदेश के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में उसकी पत्नी सोनम समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हमें पता चला है कि सोनम ने राजा से शादी से पहले संजय वर्मा नामक व्यक्ति को 100 से अधिक फोन कॉल किए थे. शादी के बाद भी कॉल जारी रहीं.” उन्होंने बताया कि पुलिस ने वर्मा का पता लगाने के लिए इंदौर में तलाशी अभियान चलाया, जिसका फोन बंद था.
सिम ने कहा कि बाद में पता चला कि वर्मा कोई और नहीं बल्कि कुशवाह है, जिसने अपनी प्रेमिका के पति की हत्या की साजिश रची थी. उन्होंने कहा, ”हमारी टीम इंदौर में है और कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि राजा की मौत से किसी को फायदा तो नहीं हो सकता था.” विशेष जांच दल की एक टीम मध्यप्रदेश के इंदौर में है ताकि यह पता लगाया जा सके कि 23 मई को हुई राजा रघुवंशी की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग के अलावा कोई वित्तीय मकसद तो नहीं है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हत्यारों ने तीन असफल प्रयासों के बाद राजा रघुवंशी की हत्या करने में कामयाबी हासिल की. उन्होंने कहा कि इससे पहले राजा की हत्या का प्रयास गुवाहाटी, नोंग्रियाट और वेइसाडोंग फॉल्स के पास किए गए थे.

