इंफाल. मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के संसद में दिये भाषण की मंगलवार को आलोचना करते हुए कहा कि आधुनिक युद्ध के बारे में उनकी अज्ञानता थोड़ी चिंताजनक है. सिंह, गोगोई के लोकसभा में सोमवार को ”पहलगाम में आतंकवादी हमले के जवाब में भारत के मजबूत, सफल एवं निर्णायक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा” में भाग लेते हुए दिये गए भाषण का जिक्र कर रहे थे. भाजपा नेता सिंह ने कहा कि अग्रिम मोर्चे पर अथक परिश्रम कर रहे सुरक्षा बलों का उपहास करना न केवल एक राजनीतिक नेता के लिए अशोभनीय है, बल्कि यह उस राष्ट्र के प्रति भी अन्याय है, जिसकी वे रक्षा करते हैं.
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”यह सवाल करना कि हमारे लड़ाकू विमानों ने नजदीक से हमला क्यों नहीं किया, लंबी दूरी के सटीक हमलों के रणनीतिक कौशल को नजरअंदाज करना है, जिसने हमारे सैनिकों की रक्षा की और यह सुनिश्चित किया कि मिशन सफल रहे.” उन्होंने कहा, ”हमारे बहादुर रक्षकों का उपहास करना, जो अग्रिम मोर्चे पर अथक परिश्रम कर रहे हैं, न केवल एक नेता के लिए अशोभनीय है, बल्कि यह उस राष्ट्र के प्रति अन्याय है, जिसकी वे रक्षा करते हैं.” सिंह ने कहा कि उन्हें “वास्तव में र्शिमंदगी” महसूस होती है कि गोगोई पूर्वोत्तर से हैं.

