मुंबई. वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच धातु, जिंस एवं वाहन शेयरों में तेजी रहने से सोमवार को बीएसई सेंसेक्स लगभग 419 अंक बढ़कर 81,000 के स्तर के ऊपर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 157 अंकों की तेजी रही. बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 418.81 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 81,018.72 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 493.28 अंक चढ़कर 81,093.19 अंक तक पहुंच गया था.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 157.40 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,722.75 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान इसने 24,734.65 के उच्च स्तर तक चला गया था. सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से टाटा स्टील में सर्वाधिक 4.31 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. इसके अलावा बीईएल, अदाणी पोर्ट्स, टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेज, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में भी तेजी रही. हालांकि पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट रही.
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “घरेलू शेयर बाजार में धातु और वाहन क्षेत्रों के मजबूत प्रदर्शन के कारण तेजी आई. अमेरिकी डॉलर में कमजोर रुख के साथ वाहनों की मासिक बिक्री के अच्छे आंकड़ों और प्रमुख वाहन कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों ने इन क्षेत्रों में निवेशकों की रुचि को फिर जगाया.” नायर ने कहा, “पहली तिमाही के नतीजों से संकेत मिलता है कि खपत पर आधारित कंपनियों को बिक्री में तेजी से फायदा हो रहा है. अमेरिका में बढ़ती बेरोजगारी और रोजगार सृजन की धीमी गति से फेडरल रिजर्व की तरफ से दर कटौती की संभावना बढ़ी है. हालांकि उच्च अमेरिकी शुल्क के कारण अब भी सावधानी बरतने की गुंजाइश है.” छोटी कंपनियों के सूचकांक बीएसई स्मालकैप में 0.76 प्रतिशत की तेजी रही जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप सूचकांक में 1.11 प्रतिशत की बढ़त देखी गई.
क्षेत्रवार सूचकांकों में से धातु खंड में सर्वाधिक 2.58 प्रतिशत की तेजी रही जबकि रियल्टी खंड में 1.88 प्रतिशत, जिंस खंड में 1.74 प्रतिशत और वाहन खंड में 1.54 प्रतिशत की बढ़त रही. रेलिगेयर ब्रोकिंग में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, “मिलेजुले संकेतों के बीच नए कारोबारी सप्ताह की शुरुआत बढ़त के साथ हुई. निफ्टी ने सत्र की शुरुआत सकारात्मक अंदाज में की और दिन भर यह सिलसिला कायम रहा. स्मालकैप और मिडकैप खंड में भी मजबूती रही.” एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सकारात्मक दायरे में बंद हुए जबकि जापान का निक्की सूचकांक गिरावट में रहा.
यूरोप के बाजार दोपहर कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. शुक्रवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक दायरे में बंद हुए थे.
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.15 प्रतिशत गिरकर 68.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,366.40 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी. शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 585.67 अंक गिरकर 80,599.91 अंक और एनएसई निफ्टी 203 अंक टूटकर 24,565.35 अंक पर बंद हुआ था.

