नयी दिल्ली: कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि गाजा पर कब्जे और पश्चिमी तट पर बस्तियों के विस्तार की इजराइली घोषणा निंदनीय है और इस पूरे मामले पर नरेन्द्र मोदी सरकार की चुप्पी भी अस्वीकार्य है। इज़राइल ने पश्चिमी तट में विवादास्पद बस्तियां बसाने की परियोजना के लिए बुधवार को अंतिम मंजूरी दी।
फलस्तीनी अधिकार समूहों का कहना है कि यह भविष्य के फलस्तीनी राष्ट्र की उम्मीदों को खत्म कर सकता है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘ एक्स’ पर पोस्ट किया, “इज़राइल ने गाज़ा पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए सैन्य अभियान शुरू कर दिया है।
साथ ही, कब्जे वाले पश्चिमी तट पर बस्तियों के विस्तार की योजनाओं की भी घोषणा की गई है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन दोनों कदमों की कड़ी निंदा करती है और मोदी सरकार की इज़राइल की अस्वीकार्य कार्रवाइयों पर चुप्पी की भी सख़्त आलोचना करती है।

