इस्लामाबाद. पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान सभी पड़ोसियों के साथ शांति चाहता है, लेकिन सीमा पार आतंकवाद की इजाजत नहीं देगा. मुनीर ने पेशावर में कबायली वरिष्ठ नागरिकों की जिरगा (परिषद) के साथ एक संवाद सत्र के दौरान यह टिप्पणी की.
मुनीर को 11वीं कोर मुख्यालय में मौजूदा सुरक्षा माहौल, अभियानगत तैयारियों और पाकिस्तान-अफगान सीमा पर शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए जारी आतंकवाद-रोधी प्रयासों पर विस्तृत जानकारी दी गई. सेना के एक बयान के अनुसार, मुनीर ने पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच हालिया गतिरोध के दौरान सुरक्षा बलों को कबायली लोगों द्वारा दिए गए दृढ़ और बिना शर्त समर्थन की सराहना की. उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध में खैबर पख्तूनख्वा के बहादुर लोगों के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि दी.
कबायली वरिष्ठ नागरिकों ने आतंकवाद और अफगान तालिबान के खिलाफ सशस्त्र बलों को अपना पूर्ण समर्थन दोहराया.
मुनीर ने कहा, ह्लपाकिस्तान, अफगानिस्तान सहित सभी पड़ोसियों के साथ शांति चाहता है लेकिन पड़ोसी मुल्क की जमीन से आतंकवाद को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए.ह्व उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अफगानिस्तान से सीमा पार आतंकवाद जारी रहने के बावजूद पाकिस्तान ने धैर्य बनाए रखा है और द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से काबुल को कई कूटनीतिक व आर्थिक प्रस्ताव दिए हैं.
मुनीर ने कबायली वरिष्ठ नागरिकों को आश्वासन दिया कि पाकिस्तान, खासकर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत आतंकवादियों और उनके समर्थकों से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा. वरिष्ठ नागरिकों ने सेना प्रमुख के स्पष्ट भाषण की सराहना की और शांति के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की.

