नयी दिल्ली. दिल्ली उच्च न्यायालय ने गैंगस्टर विकास दुबे के जीवन पर कथित रूप से आधारित वेब सीरीज ‘यूपी 77’ की रिलीज पर रोक लगाने से बुधवार को इनकार कर दिया. दुबे की पत्नी रिचा ने वेब सीरीज को रिलीज होने से रोके जाने का अनुरोध करते हुए याचिका दायर की है. न्यायमूर्ति सचिन दत्ता ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि अदालत इस स्तर पर रिलीज में हस्तक्षेप करने के पक्ष में नहीं है. ‘यूपी 77’ बृहस्पतिवार को ‘वेव्स’ ओटीटी मंच पर रिलीज होगी.
अदालत ने वेब सीरीज के निर्माताओं का यह बयान दर्ज किया कि यह पूरी तरह काल्पनिक रचना है और इसका दुबे के जीवन से कोई लेना-देना नहीं है. अदालत ने निर्माताओं से इस आशय का सार्वजनिक बयान जारी करने को भी कहा. अदालत ने कहा, “इस आशय का एक हलफनामा दो सप्ताह के भीतर दाखिल किया जाए.” अदालत ने मामले में आगे की सुनवाई के लिए सात जनवरी, 2026 की तारीख तय की.
अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि सीरीज के संबंध में किसी भी प्रचार सामग्री में दुबे के नाम का उल्लेख नहीं होना चाहिए और एक स्पष्टीकरण जोड़ा जाना चाहिए कि इसका विकास दुबे से कोई लेना-देना नहीं है. दुबे की पत्नी ने याचिका में अदालत से वेब सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसा नहीं किए जाने पर उसे मानसिक आघात और परेशानी झेलनी पड़ेगी. दुबे 2020 में उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया था.
पुलिस के अनुसार, कानपुर में आठ पुलिसर्किमयों की हत्या के मुख्य आरोपी दुबे ने उज्जैन में आत्मसमर्पण किया था और इसके बाद उसे उज्जैन से कानपुर लाया जा रहा था. पुलिस ने कहा कि उसे ले जा रहा वाहन पलट गया और उसने भागने की कोशिश की, जिसके बाद वह मुठभेड़ में मारा गया. सुनवाई के दौरान अदालत ने निर्माताओं से पूछा कि क्या प्रचार सामग्री में कोई संकेत है कि वेब सीरीज का दुबे से कोई लेना-देना है. निर्माताओं के वकील ने नकारात्मक जवाब दिया और कहा कि यह काल्पनिक कृति है और वेब सीरीज में किरदार का नाम विशाल दुबे है.

