नयी दिल्ली: डेविस कप खिलाड़ी करन सिंह और मानस धामने को सोमवार से यहां डीएलटीए परिसर में शुरू हो रहे एटीपी दिल्ली ओपन के मुख्य ड्रॉ एकल मुकाबलों के लिए वाइल्ड कार्ड प्रदान किए गए हैं। दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) ने हाल ही में नीदरलैंड के खिलाफ खेले गए डेविस कप मुकाबले में भारतीय टीम के रिजर्व सदस्य रहे दिग्विजय प्रताप सिंह को भी मुख्य ड्रॉ वाइल्ड कार्ड देने की पुष्टि की है। इसके साथ ही चार क्वालीफाइंग वाइल्ड कार्ड भी घोषित किए गए हैं।
करन को यह मौका बेंगलुरु में डेविस कप टाई में भारत की जीत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बाद मिला है, जबकि 18 वर्षीय मानस को भारतीय टेनिस की सबसे उज्ज्वल युवा प्रतिभाओं में से एक माना जाता है। डीएलटीए अध्यक्ष रोहित राजपाल ने विज्ञप्ति में कहा, “करन ंिसह और दिग्विजय प्रताप सिंह ने हालिया डेविस कप अभियान में अहम भूमिका निभाई थी और यह वाइल्ड कार्ड टीम की सफलता में उनके योगदान की मान्यता है।” उन्होंने कहा, “मानस धामने आज देश के सबसे रोमांचक युवा प्रतिभाओं में से एक हैं।
यह जरूरी है कि हम उन्हें दिल्ली ओपन जैसे टूर्नामेंट में अवसर प्रदान करें। इससे उन्हें उच्च स्तर पर अनुभव हासिल कर अपने खेल में सुधार करने का मौका मिलेगा।”डीएलटीए ने क्वालीफाइंग एकल मुकाबलों के लिए नितिन कुमार सिन्हा, इशाक इकबाल, उदित कंबोज और डेनिस येवसेयेव को भी वाइल्ड कार्ड प्रदान किए हैं। ये खिलाड़ी मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए क्वालीफाइंग ड्रॉ में प्रतिस्पर्धा करेंगे।


