🔴19 से 27 मार्च तक 24 घंटे रहेगी निगरानी
दुर्ग, 19 मार्च 2026 । चैत्र नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ दर्शन के लिए बड़ी संख्या में निकलने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक विशेष सुरक्षित ट्रैफिक कॉरिडोर तैयार किया है। यह व्यवस्था 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक लागू रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस कॉरिडोर में पदयात्रियों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है, जिससे उनकी सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। पूरे मार्ग में 4 पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे, जो लगातार निगरानी करते हुए पीए सिस्टम के माध्यम से आवश्यक सुरक्षा निर्देश भी देते रहेंगे।
निर्धारित पदयात्रा मार्ग
कुम्हारी टोल प्लाजा → सिरसा गेट चौक → डबरापारा तिराहा → खुर्सीपार तिराहा → पावर हाउस अंडर ब्रिज → मुर्गा चौक → सेंट्रल एवेन्यू → सेक्टर-09 चौक → एमडी बंगला तिराहा → ठगड़ा बांध ओवरब्रिज के नीचे → जेल तिराहा → गांधी तिराहा → पटेल चौक → गंजपारा → पुलगांव चौक → शिवनाथ नदी ब्रिज → अंजोरा बाईपास → राजनांदगांव → डोंगरगढ़
पुलिस द्वारा मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही वाहन चालकों के लिए डायवर्जन और सावधानी संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने पदयात्रियों से अपील की है कि वे सड़क के बाईं ओर चलें, रिफ्लेक्टिव सामग्री का उपयोग करें और सड़क पर विश्राम न करें। वहीं वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित हो सके।

