🔴भिलाई-3 में केमिकल फैक्ट्री संचालक के घर दबिश
राष्ट्रवाणी, 30 अप्रैल 2026। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने भिलाई-3 के विठ्ठलपुरम कॉलोनी में केमिकल उद्योग संचालक गोविंद मंडल के निवास पर छापेमारी की। सुबह करीब 6 बजे दो वाहनों में पहुंचे 6 अधिकारियों की टीम ने दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू की, जो दोपहर तक जारी रही। गोविंद मंडल की हथखोज इंजीनियरिंग पार्क में केमिकल फैक्ट्री संचालित है।
राजधानी रायपुर में सीए के ठिकानों पर भी जांच
ईडी की एक अन्य टीम राजधानी रायपुर के कचना क्षेत्र में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के घर और कार्यालय में भी पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई को बड़े आर्थिक मामलों से जोड़कर देखा जा रहा है।
बिलासपुर में सराफा कारोबारियों पर शिकंजा
बिलासपुर में ईडी ने सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल और विकास अग्रवाल के ठिकानों पर दबिश दी। दोनों “श्री राम ज्वेलर्स” के नाम से कारोबार संचालित करते हैं। टीम यहां भी दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।
शराब घोटाले से जुड़ाव की जांच
सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर में की गई कार्रवाई को राज्य के बहुचर्चित शराब घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें 3200 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का खुलासा हो चुका है। जांच के लिए 10 से अधिक अधिकारी तैनात किए गए हैं।
कई शहरों में एक साथ कार्रवाई से हड़कंप
भिलाई, रायपुर और बिलासपुर सहित कई शहरों में एक साथ चल रही ईडी की कार्रवाई से कारोबारी और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। फिलहाल टीम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही है, जबकि विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

