राष्ट्रवाणी, 01 मई। उच्च शिक्षा विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए आयुक्त उच्च शिक्षा ने संचालनालय में पदस्थ प्राचार्य संवर्ग के अधिकारियों के कार्यों का पुनः आबंटन किया है। इस फेरबदल में 3 अपर संचालक, 1 कुलसचिव और 4 सहायक संचालकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, अपर संचालक जोन तिग्गा को विश्वविद्यालयों और अशासकीय महाविद्यालयों से संबंधित अनुदान, बजट एवं योजनाओं का कार्य सौंपा गया है। वहीं डॉ. किशोर तिवारी को अराजपत्रित स्थापना और विश्वविद्यालय समन्वय समिति का प्रभार दिया गया है।
इसी तरह डॉ. तपेश गुप्ता को राजपत्रित स्थापना, शासकीय महाविद्यालयों के आहरण, राजकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों के अकादमिक मामलों के साथ-साथ लोक सेवा आयोग से जुड़े प्रकरणों की जिम्मेदारी दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह बदलाव प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। विभागीय स्तर पर इससे कार्यप्रणाली में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।


