🔴29 से 31 मई तक होगा आयोजन
राष्ट्रवाणी 21 मई 2026 । रायपुर में आम प्रेमियों के लिए 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन कृषि महाविद्यालय (इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर) में होगा। महोत्सव का आयोजन संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा ‘प्रकृति की ओर सोसायटी’ के सहयोग से किया जा रहा है।
250 से अधिक किस्मों के आम होंगे प्रदर्शित
महोत्सव में देश-विदेश की 250 से ज्यादा आम की किस्में प्रदर्शित की जाएंगी। यहां दुर्लभ और विशेष किस्मों के आम लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इसके साथ ही आम से बने उत्पाद और पौधे भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आम से बने व्यंजनों की भी होगी प्रतियोगिता
आयोजन में आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता के साथ-साथ आम से बने व्यंजन और आम से सजावट की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर के आम उत्पादक भाग लेंगे। स्कूल-कॉलेज के छात्र, महिलाएं और आम नागरिक भी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे।
प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह मुफ्त
महोत्सव में प्रवेश और पंजीयन निशुल्क रखा गया है। 29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिभागियों की एंट्री दर्ज की जाएगी। आम लोगों के लिए प्रदर्शनी तीनों दिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी।
किसानों और युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
30 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आम उत्पादकों और इच्छुक लोगों के लिए विशेष चर्चा सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें बेहतर गुणवत्ता वाले आम उत्पादन, प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और शासन की योजनाओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी।
नई पीढ़ी को व्यवसाय से जोड़ने की पहल
आयोजन का उद्देश्य युवाओं को आम उत्पादन और उससे जुड़े व्यवसाय के प्रति प्रेरित करना है। इसके जरिए उद्यानिकी और स्वरोजगार के नए अवसरों पर भी चर्चा होगी।
सफल किसानों को किया जाएगा सम्मानित
31 मई को सफल आम उत्पादक किसानों और उद्यमियों की प्रेरणादायक कहानियां साझा की जाएंगी। इसी दिन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के लिए ये होंगे नियम
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रत्येक किस्म के 5 से 10 आम लाने होंगे। वहीं आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कम से कम 250 ग्राम उत्पाद के साथ पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पिछले दो वर्षों से आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

