🔴पद्मश्री शमशाद बेगम का दुर्ग पुलिस को मिला साथ
दुर्ग, 24 मई 2026। दुर्ग पुलिस द्वारा संचालित जनमित्र अभियान के तहत ग्राम दारगांव और थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में यातायात, साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला कमांडो दल, ग्रामीणजन और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
दुर्ग पुलिस द्वारा संचालित जनमित्र अभियान के अंतर्गत ग्राम दारगांव थाना धमधा क्षेत्र में यातायात जागरूकता एवं हेलमेट अनिवार्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम विशेष रूप से उपस्थित रही।
पद्मश्री शमशाद बेगम ने हेलमेट जागरूकता का दिया संदेश
ग्राम दारगांव में आयोजित कार्यक्रम में शमशाद बेगम ने महिला कमांडो को संबोधित करते हुए कहा कि हर परिवार में भाई, बेटे और पति को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने महिला कमांडो से अपने गांवों की मुख्य सड़कों पर प्रतिदिन कम से कम दो घंटे हेलमेट जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।
बालोद के गांव बने ‘पूर्ण हेलमेट धारी’
शमशाद बेगम ने बताया कि उनके प्रयासों से बालोद जिले के बोरी पंचायत गुंडरदेही और सिड्डी पंचायत क्षेत्र के नागरिक पूर्णतः हेलमेट धारी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब दुर्ग जिले के गांवों में भी महिला कमांडो के सहयोग से अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।
साइबर फ्रॉड से बचने बताए तरीके
एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा ने साइबर अपराधों के नए तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल पर गलत फोटो-वीडियो भेजकर धमकी देना, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी और एपीके फाइल के जरिए साइबर फ्रॉड तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की।
नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 की जानकारी
थाना प्रभारी धमधा रामनारायण सिंह ध्रुव ने नशा मुक्ति अभियान के तहत हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी देते हुए कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। वहीं यातायात संबंधी शिकायतों के लिए 1033 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी दी गई।

कोतवाली क्षेत्र में भी लगा जागरूकता पंडाल
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में आयोजित सुशासन बिहार कार्यक्रम के दौरान जनमित्र योजना अंतर्गत जागरूकता पंडाल लगाया गया। यहां नागरिकों को यातायात नियमों, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
300 महिला कमांडो सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आई लगभग 300 महिला कमांडो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने जनहित से जुड़े विषयों पर सक्रिय सहभागिता निभाई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें। साथ ही साइबर ठगी, नशा संबंधी गतिविधियों या किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर जानकारी देकर पुलिस का सहयोग करें।

