राष्ट्रवाणी, 13 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून (पावस) सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के सुचारु और व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक विधानसभा के समिति कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में सदन की कार्यवाही, विभिन्न विधायी एवं शासकीय कार्यों के संचालन तथा कार्यसूची को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी दलों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए सदन की गरिमा बनाए रखने और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी सहित कार्यमंत्रणा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मानसून सत्र के दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक और जनहित से जुड़े विषय सदन में प्रस्तुत कर सकती है, वहीं विपक्ष भी प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।

