राष्ट्रवाणी: न्यूज, कोंडागांव। जिले के फरसगांव क्षेत्र में ग्राम पंचायत सिंगारपुरी और हिर्री के बीच स्थित नाले में दलदली रेत में धंसने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ ग्रामीणों में आक्रोश भी व्याप्त है। ग्रामीणों ने अवैध रेत उत्खनन को हादसे का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। मृतक की पहचान सिंगारपुरी प्लाटपारा निवासी अरुण मरकाम (34) पिता रामलाल मरकाम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अरुण खेत में हल जोतने के बाद बैलों के साथ घर लौट रहा था। नाला पार करते समय वह दलदली रेत का अंदाजा नहीं लगा सका और उसमें धंस गया। बाहर निकलने का प्रयास करते हुए वह मुंह के बल दलदल में गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने युवक को दलदल में फंसा देखा और गांव में सूचना दी। स्वजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों और स्वजन का आरोप है कि नाले में लंबे समय से जेसीबी मशीनों से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। उनका कहना है कि उत्खनन से बने गहरे गड्ढे बारिश के दौरान दलदल में बदल गए हैं, जिससे राहगीरों के लिए यह स्थान जानलेवा बन चुका है। ग्रामीणों ने जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना की सूचना पर फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रेत, पानी और गाद के मिश्रण से बनने वाली चोर बालू ऊपर से बिल्कुल सामान्य और ठोस जमीन जैसी दिखाई देती है, लेकिन जैसे ही इस पर कोई वजन या दबाव पड़ता है, इसकी संरचना कमजोर हो जाती है और यह तरल की तरह व्यवहार करने लगती है, जिससे व्यक्ति या वस्तु इसमें अंदर की ओर धंसने लगती है।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को रेखांकित करेगी ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला – राष्ट्रवाणी
- म्यांमार के गृहयुद्ध के बीच, अमीर पार्टियां और ‘केवल सकारात्मक भावनाएं’ चाहते हैं – राष्ट्रवाणी
- पुलिस द्वारा रोके जाने के दौरान मोरक्को के एक व्यक्ति की मौत की गूंज पूरे इटली में सुनाई दे रही है – राष्ट्रवाणी
- कुछ जॉर्डनवासियों की मांग है कि अमेरिकी सैनिक राज्य छोड़ दें – राष्ट्रवाणी
- ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता को स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में किया गया रेखांकित – राष्ट्रवाणी
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन सरकार में गांव-गांव पहुंच रही डिजिटल सेवाएं – राष्ट्रवाणी
- समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के लिए अहम उपक्रम साबित होगा खेल – अरुण साव – राष्ट्रवाणी
- पुलिस का जज़्बा ही सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय – राष्ट्रवाणी

