राष्ट्रवाणी: सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के माधोपली क्षेत्र में उफनते लात नाला में बही कार को चौथे दिन बरामद कर लिया गया। हादसे में लापता ग्राम घोटला बड़े के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी के शव भी कार के साथ मिले हैं। बुधवार को लगातार चार दिनों तक चले कठिन रेस्क्यू अभियान के बाद यह सफलता मिली। NDRF, SDRF, DDRF, पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और पंजाब से आई गोताखोर टीम के संयुक्त प्रयासों से यह कठिन अभियान पूरा हो सका। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:30 बजे सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर माधोपली पुल के पास स्थित लाट नाला तेज बारिश के कारण उफान पर था। इसी दौरान पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ कार से नाला पार करने का प्रयास कर रहे थे। अचानक तेज बहाव में कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी और पानी के साथ बह गई। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पहले दिन देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन अंधेरा और पानी का तेज बहाव होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार से NDRF, सदरफ और ददरफ की टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आईं। बताया जा रहा है कि कार हादसे के बाद लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर तक बह गई थी। तीसरे दिन तक दंपती और वाहन का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ती जा रही थी। मंगलवार तक 33 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर रायपुर से अतिरिक्त टीमों को बुलाने की तैयारी की गई। मंगलवार देर रात पंजाब से पहुंची निजी गोताखोरों की टीम ने बुधवार सुबह करीब 9 बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया। महज कुछ ही समय में टीम ने नाले में डूबी कार का पता लगा लिया। इसके बाद प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीमों और ग्रामीणों की मदद से रस्सियों के सहारे वाहन को बाहर निकाला गया। जब कार को बाहर निकाला गया तो वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे। पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी के शव कार की पिछली सीट पर एक-दूसरे का हाथ थामे हुए मिले। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो दोनों ने आखिरी सांस तक एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा हो। यह दृश्य देखकर रेस्क्यू टीम के सदस्य भी भावुक हो गए। पंजाब से आई गोताखोर टीम ने बताया कि वे पिछले 37 वर्षों से ऐसे अभियानों में कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने पहली बार इतना मार्मिक दृश्य देखा। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद घोटला बड़े सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने पंजाब से आई गोताखोर टीम, NDRF, SDRF, DDRF, पुलिस और रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रशासन ने भी अभियान में शामिल सभी एजेंसियों, पुलिसकर्मियों, स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की सराहना की है। लगातार चार दिनों तक दिन-रात चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनते नालों, पुलों और तेज बहाव वाले जल स्रोतों को पार करने का जोखिम न उठाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
Trending
- डुमका, झारखंड: मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने नेवेली उत्तर प्रदेश पावर कोयला खदान का काम रोक दिया – भारतीय पीएसयू
- ‘अंधेरे’ में डूबे छत्तीसगढ़ के 700 सरकारी कार्यालय, बिल जमा नहीं करने पर बिजली कंपनी की सख्ती – राष्ट्रवाणी
- वायरल VIDEO पर बड़ी कार्रवाई: मेडिकल स्टोर सील, संचालक को नोटिस, बिना डिग्री दवा बेचने और इंजेक्शन लगाने का है मामला – राष्ट्रवाणी
- ₹1 लाख में सरकारी पोस्टिंग दिलाने के आरोप वाले पुराने केस से लेकर विधायक कार्यालय तक पहुंचा प्रवेश पाण्डे का सफर – राष्ट्रवाणी
- सरगुजा में नीलामी से पांच सौ रुपये में खरीदी गोवंश को जंगल में काटा, दो गिरफ्तार – राष्ट्रवाणी
- BRICS के खत्म होते ही कच्चे तेल पर भारत-चीन की बड़ी तैयारी, हरदीप पुरी से मिले पेट्रोलियम कंपनी के चीनी अधिकारी – राष्ट्रवाणी
- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ रुपए के तीन सड़क का किया भूमिपूजन—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में मतांतरण विरोधी कड़े कानून के बाद ईसाई मिशनरियों ने बदली रणनीति: प्रार्थना सभाओं के नाम पर थोक में आवेदन – राष्ट्रवाणी

