राष्ट्रवाणी, 4 अगस्त। दुर्ग से सांसद विजय बघेल ने राज्य प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों के खिलाफ लोकसभा की विशेषाधिकार हनन समिति में शिकायत दर्ज कराई है। सूत्रों के मुताबिक समिति इस शिकायत पर जल्द ही छत्तीसगढ़ सरकार से जवाब तलब कर सकती है।
जानकारी के अनुसार, विदेश दौरे पर रवाना होने से पहले सांसद बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव पांडे और भिलाई-चरौदा नगर निगम के आयुक्त डी.एस. राजपूत के खिलाफ शिकायत भेजी थी। हालांकि, इस संबंध में पूछे जाने पर विजय बघेल ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में सीधे तौर पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
बताया गया कि सांसद के प्रयासों से दोनों नगर निगमों को विभिन्न योजनाओं के तहत अलग-अलग मदों में राशि स्वीकृत हुई थी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक से अधिक बार निरस्त भी किए गए।
सूत्रों के मुताबिक सांसद लगातार कार्य शुरू कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन दोनों अधिकारियों ने उनके फोन उठाने भी बंद कर दिए। इसके बाद पहले शासन स्तर पर शिकायत की गई और बाद में मामला लोकसभा की विशेषाधिकार हनन समिति तक पहुंचाया गया। इस बीच राजीव पांडे का तबादला हो चुका है, जबकि डीएस राजपूत अभी भी अपने पद पर कार्यरत हैं। चर्चा है कि समिति जल्द ही इस मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की शिकायत पर लोकसभा की विशेषाधिकार हनन समिति स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के खिलाफ भी जांच कर रही है।

