राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट के थाना गंज में अब चूहों की चोरियों और मालखानों की पुरानी लापरवाहियों का दौर हमेशा के लिए खत्म होने जा रहा है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने यहां अत्याधुनिक ‘ई-मालखाना प्रणाली’ की शुरुआत कर दी है। इसके साथ ही सेंट्रल जोन का यह पांचवां और कोतवाली डिवीजन का अंतिम थाना भी डिजिटल हो गया है, जिससे अब डिवीजन के सभी मालखाने आधुनिक तकनीक के दायरे में आ चुके हैं। पूर्व के वर्षों में देश के कई थानों के मालखानों से जुड़ी कई अजीबोगरीब और हास्यास्पद खबरें सुर्खियों में रहती थीं, जहां पुलिस द्वारा जब्त की गई शराब को चूहों के गटक जाने और कीमती नशीले पदार्थों को गायब कर देने के मामले सामने आते थे। ऐसी घटनाओं पर अब पूरी तरह विराम लग जाएगा। नई डिजिटल प्रणाली के तहत जब्त की गई हर सामग्री की सुरक्षित पैकेजिंग, रैकवाइज वैज्ञानिक वर्गीकरण और यूनिक बारकोड लेबलिंग की गई है। इस हाई-टेक व्यवस्था के लागू होने से ऑनलाइन डेटा एंट्री और डिजिटल ट्रैकिंग की सुविधा मिल गई है। इससे किसी भी माल या सबूत की वास्तविक स्थिति और उसकी सटीक लोकेशन पलक झपकते ही ट्रेस की जा सकेगी। इस अवसर पर डीसीपी तारकेश्वर पटेल, डीसीपी पीतांबर पटेल और एसीपी दीपक मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बेहतरीन और सुरक्षित व्यवस्था को मूर्त रूप देने के लिए थाना गंज की पूरी टीम को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है। मई 2017: बिहार में शराब गटके : बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद थानों के मालखानों में जब्त की गई लगभग 9 लाख लीटर शराब के गायब होने का मामला सामने आया। नवंबर 2022: मथुरा, उत्तर प्रदेश में गांजा किया गायब: मथुरा के शेरगढ़ और हाईवे थानों के मालखाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए कुल 581 किलोग्राम गांजे की खेप गायब पाई गई। इल्जाम चूहों पर लगा। नवंबर 2023: छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश छिंदवाड़ा कोतवाली थाने के मालखाने में विधानसभा चुनाव के दौरान जब्त करके रखी गई शराब की करीब 60 बोतलें रहस्यमय तरीके से खाली मिल गईं और गांजे की बोरियां भी कुतर दी गईं। बाद में एक चूहे को पिंजड़े में पकड़ा गया।
Trending
- प्रदेश में दो दिनों तक होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट – राष्ट्रवाणी
- गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया पुण्य स्मरण – राष्ट्रवाणी
- 15 अगस्त से मिलेगा 10 किलो का लपग सिलेंडर, ऐप से होगी बुकिंग – राष्ट्रवाणी
- राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बुनकरों को दी शुभकामनाएं – राष्ट्रवाणी
- रायगढ़ में विकास को मिल रही नई रफ्तार, हर क्षेत्र में मजबूत हो रही सुविधाओं की नींव: वित्त मंत्री ओपी चौधरी – राष्ट्रवाणी
- सेलेक्शन लिस्ट में नाम होने के बावजूद नहीं दी नियुक्ति… 2015 का आदेश रद, हाई कोर्ट ने कहा- नए सिरे से लें फैसला – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ बिजली कंपनी में 1235 पदों पर होगी भर्ती, आवेदन किए गए आमंत्रित जानिए कौन-कौन से पदों पर होंगी नियुक्तियां, आवेदन आमंत्रित – राष्ट्रवाणी
- राज्य कोटा नीट यूजी काउंसिलिंग नौ से, प्रदेश के 21 मेडिकल कालेजों में होंगे प्रवेश, जानें फीस और प्रक्रिया – राष्ट्रवाणी

