राष्ट्रवाणी: रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार बदलते ही विकास के तमाम दावे धरातल पर कमजोर पड़ गए हैं।
उन्होंने कहा कि पौने तीन साल की भाजपा सरकार में स्कूल और आंगनबाड़ी भवन जर्जर स्थिति में पहुंच गए हैं, सड़कों की हालत खराब है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले गोठान तथा रीपा परिसर बंद पड़े हैं। सुरेंद्र वर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार का ध्यान जनहित और बुनियादी सुविधाओं के बजाय रेत तस्करी, नशे के अवैध कारोबार और प्रशासनिक भ्रष्टाचार को संरक्षण देने पर है।
उन्होंने कहा कि सरकार विज्ञापनों और बयानों के माध्यम से विकास के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है। आम जनता, महिलाएं और बच्चे बदहाल सड़कों तथा कमजोर होती जनसुविधाओं का सामना कर रहे हैं, जबकि अवैध कारोबार से जुड़े लोग फल-फूल रहे हैं। गोठान बंद होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित कांग्रेस प्रवक्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए करीब 10 हजार गोठानों को बंद कर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए गए गौ-धाम के दावे भी धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। गोवंश के सड़कों पर आने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा है और किसान भी खुले में चराई की समस्या से परेशान हैं। वर्मा ने कहा कि गोठान और रीपा जैसी व्यवस्थाएं ग्रामीणों की आय और स्थानीय रोजगार से जुड़ी थीं।
इनके बंद होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास मॉडल को कमजोर करने वाला निर्णय बताया। सड़कों की बदहाली और कानून-व्यवस्था पर सवाल सुरेंद्र वर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं और विकास कार्य प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अवैध नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और रेत के अवैध कारोबार को लेकर भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रेत के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।

