राष्ट्रवाणी: राज्य ब्यूरो, , रायपुर। छत्तीसगढ़ के 11 लोकसभा क्षेत्रों में विकास की रफ्तार और सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) के फंड के इस्तेमाल को लेकर एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। पिछले तीन वित्तीय वर्षों के दौरान प्रदेशभर में कुल 2,284 विकास कार्य मंजूर किए गए, जिनमें से अब तक केवल 895 परियोजनाएं ही धरातल पर उतर पाई हैं।
फंड खर्च करने और विकास कार्यों को गति देने के मामले में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और दुर्ग सांसद विजय बघेल सबसे आगे हैं। दोनों दिग्गजों ने दिल खोलकर फंड का उपयोग किया है और अब तक मिली कुल राशि का 82 प्रतिशत से अधिक हिस्सा खर्च कर डाला है। रायपुर में बृजमोहन अग्रवाल ने जहां ₹12.63 करोड़ (82.17%) खर्च किए, वहीं दुर्ग में विजय बघेल ने ₹12.06 करोड़ (82.10%) की राशि विकास कार्यों में लगाई है।
जंजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े के क्षेत्र में विकास कार्यों की तस्वीर काफी बेहतर नजर आ रही है। उनके क्षेत्र में 344 कार्य स्वीकृत हुए, जिनमें से रिकार्ड 254 काम पूरे हो चुके हैं। इसी तरह कांग्रेस सांसद ज्योत्सना महंत के कोरबा क्षेत्र में 310 स्वीकृत कार्यों में से 136 काम पूरे हो चुके हैं।
इसके विपरीत, कांकेर सांसद भोजराज नाग सांसद निधि खर्च करने और नए कार्य स्वीकृत कराने के मामले में सबसे पीछे छूट गए हैं। उनके कार्यकाल में अब तक मात्र 87 कार्य ही स्वीकृत हुए, जो 11 सांसदों में सबसे कम है। वह अपनी कुल राशि का केवल 39.46 प्रतिशत (लगभग ₹6.49 करोड़) ही खर्च कर पाए हैं।
लोकसभा सांसदों को अपने क्षेत्र में विकास के लिए हर साल पांच करोड़ रुपये की निधि मिलती है। प्रशासनिक मंजूरी, टेंडर और जमीन जैसी शुरुआती प्रक्रियाओं के चलते कई बार काम समय पर शुरू नहीं हो पाते। लेकिन तीन साल में 1,389 प्रोजेक्ट्स का लंबित रहना प्रशासनिक निगरानी और क्रियान्वयन की सुस्त चाल पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
जनता अब यह टकटकी लगाए देख रही है कि आखिर ये अटके हुए काम कब तक परवान चढ़ेंगे। बृजमोहन अग्रवाल रायपुर ₹15,37,66,451 ₹12,63,49,504 82.17% विजय बघेल दुर्ग ₹14,70,00,000 ₹12,06,91,956 82.10% कमलेश जांगड़े जांजगीर-चंपा ₹15,03,84,382 ₹11,46,61,679, 76.25% रूप कुमारी चौधरी महासमुंद ₹15,30,35,414 ₹11,63,84,962 76.05% महेश कश्यप बस्तर ₹14,70,00,000 ₹11,11,67,508 75.62% ज्योत्सना महंत कोरबा ₹15,51,53,738 ₹11,47,47,960 73.96% तोखन साहू बिलासपुर ₹14,70,00,000 ₹10,18,55,274 69.29% चिंतामणि महाराज सरगुजा ₹14,70,00,000 ₹10,14,57,500 69.02% राधेश्याम राठिया रायगढ़ ₹15,97,06,972 ₹9,78,41,529 61.26% संतोष पांडेय राजनांदगांव ₹14,70,00,000 ₹8,62,53,260 58.68% भोजराज नाग कांकेर ₹16,46,72,734 ₹6,49,80,971 39.46% (आंकड़ों का स्त्रोत: एमपीएलएडीएस की वेबसाइट के अनुसार)

