राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों भीड़ के साथ ही अनधिकृत वेंडरों की संख्या बढ़ गई है। बिना किसी वैध पहचान पत्र और लाइसेंस के ये अनधिकृत वेंडर धड़ल्ले से बोगियों के भीतर घुसकर यात्रियों को खुलेआम सामान बेच रहे हैं, जिससे रेल परिसर में असुविधा और सुरक्षा का संकट गहरा गया है।
अवैध वेंडरों द्वारा बेचे जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और निर्माण तिथि का कोई अता-पता नहीं है। ये वेंडर यात्रियों को बासी और दूषित खाद्य पदार्थ परोस रहे हैं, जिनमें खराब समोसे, पकोड़े और खुले में रखे सामान शामिल हैं। इसके अलावा, गंदे पानी से चाय बनाकर छोटी कप में बेची जा रही है और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की जा रही है।
स्थिति यह है कि खानपान के सामान के साथ-साथ ट्रेनों के भीतर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक गुटखा और तंबाकू जैसे उत्पाद भी धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। ट्रेनों के भीतर इन वेंडरों के लगातार चक्कर लगाने से अनावश्यक भीड़ और शोर-शराबा हो रहा है। लंबी दूरी के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अनाधिकृत भीड़ के कारण यात्रियों की निजी सुरक्षा और सामान पर भी जोखिम बढ़ गया है। रायपुर से गुजरने वाली गाड़ियों में हर रोज चोरी की शिकायत है।

