राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि,बिलासपुर: वर्षा ऋतु के बाद खस्ताहाल सड़कों की सूध नगर निगम ले रही है। निगम प्रबंधन ने साफ किया था कि वर्षा ऋतु जाने के बाद सड़कों के गड्ढ भरे जाएंगे और जहां पर जरूरत है, उन सड़कों का डामरीकरण होगा। अक्टूबर दूसरे सप्ताह से नवरात्र की शुरूआत होने वाली है।
इस दौरान पंडालों में विराजित प्रतिमाओं का दर्शन करने के लिए भक्त उमड़ेगे। ऐसे में गड्ढे से भरी सड़क और उड़ती धूल भक्तों को परेशान कर सकती है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए ही नवरात्र के पहले शहर की सभी सड़कों की मरम्मत कार्य पूरा किया जाएगा।
वर्षा ऋतु के समय से शहर की सड़कें उधड़ने लगी थी और गड्ढे नजर आने लगे थे। वर्षा ऋतु के अंत तक शहर की लगभग सभी सड़कें खराब हो गई। इससे शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने सभी आठ जोन को सड़क मरम्मत की जिम्मेदारी सौपी है। ऐसे में सभी जोन कमिश्नर को साफ किया गया है कि वे अपने क्षेत्र कि खस्ताहाल सड़कों को एक महिने के भीतर बना ले। इस निर्देश के अब आने वाले कुछ ही दिनों के भीतर सड़कों के मरम्मत का काम चालू कर दिया जाएगा।
