राष्ट्रवाणी: किशोर कुमार का 45 साल पुराना रोमांटिक गीत लोगों की जुबान पर आज भी चढ़ा रहता है। 45 साल पुराना है किशोर कुमार का गाना एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा में कई टाइमलेस रोमांटिक सॉन्ग बने हैं जिन्हें लोग आज भी गुनगुनाते हैं।
इनमें से ही एक है किशोर कुमार का 4 दशक पुराना गाना। सालों बाद भी यह गीत म्यूजिक लवर्स की पसंद बना हुआ है और उनकी प्लेलिस्ट का हिस्सा बना हुआ है। 45 साल पुराने इस गाने के दिल को छूने वाले लिरिक्स मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे और इसे दिग्गज म्यूजिशियन आर डी बर्मन (RD Burman) ने कंपोज किया था।
इस गाने को लोग पार्टनर के लिए अपना प्यार जताने के लिए गाते हैं। यह गीत 80’s के चार्टबस्टर गानों की लिस्ट में शुमार है। फिल्म में इस गाने के दो वर्शन हैं।
एक किशोर कुमार (Kishore Kumar) का गाया हुआ मेल सोलो है, और दूसरा मशहूर हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका परवीन सुल्ताना (Parveen Sultana) का गाया हुआ वर्शन है। इस टाइमलेस गाने के बोल हैं- हमें तुमसे प्यार कितना, ये हम नहीं जानते, मगर जी नहीं सकते, तुम्हारे बिना (Hamen Tumse Pyar Kitna)।
यह गाना 1981 में रिलीज हुई फिल्म कुदरत (Kudrat) के लिए बनाया गया था जिसे एक खूबसूरत हिल स्टेशन पर पियानो बजाते हुए राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) पर फिल्माया गया है। जिसमें हेमा मालिनी (Hema Malini) के साथ गहरी चाहत और कभी न खत्म होने वाले प्यार को दिखाया गया है। किशोर कुमार ने इस गाने को अपनी शानदार आवाज में गाने के लिए ‘बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर’ का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता, जबकि मजरूह सुल्तानपुरी को ‘बेस्ट लिरिसिस्ट’ के लिए नॉमिनेट किया गया।
‘कुदरत’ 1981 में बनी एक ड्रामा फिल्म है, जिसे चेतन आनंद ने लिखा और डायरेक्ट किया था। इस फिल्म में राजेश खन्ना और हेमा मालिनी मुख्य भूमिकाओं में हैं, और उनके साथ राज कुमार, प्रिया राजवंश और विनोद खन्ना भी अहम किरदार में हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस (Box Office) पर हिट रही थी।
फिल्म ने उस साल बेस्ट स्टोरी के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता।
