राष्ट्रवाणी: सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर में बीते 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ऐतिहासिक जयस्तंभ चौक पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स और कटआउट से सजाया गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से लगाए गए प्रचार सामग्रियों के बीच शहीद वीर नारायण सिंह के स्मारक को भी फ्लेक्स से ढके जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
इसे लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने आपत्ति जताई है। पार्टी ने इसे शहीद वीर नारायण सिंह के सम्मान और छत्तीसगढ़िया समाज की भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने की मांग की है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।
इसके साथ ही थाना गोलबाजार पहुंचकर आवेदन दिया और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पार्टी की ओर से दिए गए आवेदन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 270 और 352 तथा छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 322 और 335 सहित अन्य लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में इन प्रावधानों को सार्वजनिक मार्ग में अवरोध और बिना अनुमति पोस्टर या विज्ञापन लगाने से संबंधित बताया गया है। पार्टी पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों से भी मामले को लेकर चर्चा की। पार्टी के मुताबिक, पुलिस प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के गौरव और पुरखा हैं। उनके ऐतिहासिक स्मारक पर प्रचार सामग्री लगाए जाने से स्मारक की गरिमा प्रभावित होती है। पार्टी ने ऐतिहासिक स्मारकों को निजी प्रचार का माध्यम बनने से रोकने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
