राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। कालीबाड़ी स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में पोस्ट ऑपरेटिव महिलाओं की ड्रिप और कैनुला से जुड़ी प्रक्रिया करते सुरक्षा गार्ड का वीडियो सामने आया है। प्रसारित वीडियो में गार्ड मरीज के हाथ में लगी ड्रिप निकालने के बाद कैनुला पर कैप लगाते नजर आ रहा है।
कुछ वीडियो में गार्ड द्वारा मरीजों को ड्रिप चढ़ाने का दावा भी किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कैनुला लगाना, ड्रिप लगाना या उसे हटाना उपचार से जुड़ी प्रक्रिया है, जिसे सामान्य तौर पर प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ करता है।
खासकर पोस्ट आपरेटिव मरीजों के मामले में संक्रमण से बचाव और उपचार प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त सावधानी जरूरी होती है। इन बातों को दरकिनार कर गार्ड से यह प्रक्रिया करवाना गंभीर लापरवाही है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो शुक्रवार शाम करीब पांच बजे का बताया जा रहा है।
इस दौरान अस्पताल में डाक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौजूद थे। इसके बावजूद सुरक्षा गार्ड द्वारा मरीजों के हाथ में लगी ड्रिप हटाने और कैनुला पर कैप लगाने की बात सामने आई है। वीडियो सामने आने के बाद टीम ने अस्पताल के सेकंड फ्लोर स्थित पोस्ट आपरेटिव वार्ड में मरीजों और उनके स्वजन से बात की।
उन्होंने बताया कि गार्ड ने एक-दो नहीं, बल्कि वार्ड की कई महिलाओं की ड्रिप हटाकर कैनुला पर कैप लगाया था। एक मरीज के हाथ की ड्रिप कुछ देर तक नहीं निकल रही थी। महिला ने नर्स को बुलाने के लिए कहा, लेकिन गार्ड ने ड्रिप का पाइप खींचकर निकाल दिया।
इसके बाद कैनुला पर कैप लगा दिया। सुरक्षा गार्ड नागेश्वर प्रसाद ने बताया कि उसने दो महिलाओं के कैनुला पर केवल कैप लगाया था। उसने कहा कि उसने कोई मेडिकल प्रक्रिया नहीं की।
उस समय स्टाफ नर्स व्यस्त थीं। उन्होंने बताया था कि मरीज की ड्रिप खत्म हो गई है, इसलिए उसे निकालकर कैप लगा दो। गार्ड के अनुसार उसने केवल इतना ही किया।
ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स वर्षा यादव ने बताया कि एक मरीज ऑपरेशन के बाद पहले दिन की स्थिति में थी। उसे संभालने के कारण वह व्यस्त थी। दूसरे वार्ड में ऑपरेशन के बाद दूसरे दिन की 12 मरीज थीं।
सभी की ड्रिप मैनेज हो चुकी थी। एक मरीज की ड्रिप खत्म हो गई थी और उसके स्वजन बार-बार इसकी जानकारी दे रहे थे। इसलिए उन्होंने गार्ड को केवल कैनुला पर कैप लगाने के लिए भेजा था।
नर्स के अनुसार गार्ड ने इसके अलावा कोई उपचार नहीं किया। घटना एक दिन पहले की है। मामले की जानकारी के माध्यम से मिली है।
ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स को नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी। गार्ड के इंचार्ज को भी नोटिस दिया जाएगा, ताकि ऐसी गलती दोबारा न हो। सभी को अपनी जिम्मेदारी के अनुसार काम करना चाहिए।
– डाॅ. शशिप्रभा बंजारे, प्रभारी, जिला (मातृ-शिशु) अस्पताल अस्पताल में सुरक्षा गार्ड द्वारा मरीजों की ड्रिप और कैनुला से जुड़ी प्रक्रिया किया जाना लापरवाही है। मामले की पूरी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को भी आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

