राष्ट्रवाणी: डिजिटल टीम, सुकमा। छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर अंचल में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खुद जमीनी हकीकत जानने सुकमा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने जिले के बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और राहत शिविरों में प्रशासनिक व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं का निर्बाध प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। बाढ़ प्रभावित दूरस्थ और संवेदनशील इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव दल लगातार अलर्ट मोड पर रहें।
राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जलभराव से हुए नुकसान का त्वरित सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को दी जाने वाली सरकारी सहायता प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

