राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के औरापानी पिकनिक स्पाट के पास युवती से लूटपाट का मामला सामने आया है। युवती ने इसकी शिकायत कोटा थाने में की।
तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब लूटपाट के आरोपित पकड़े गए तब पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपित युवकों से क्षेत्र में हुए और मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
बिलासपुर में रहने वाली युवती अपने दोस्तों के साथ कोटा के औरापानी पिकनिक स्पाट पर घुमने के लिए गई थी। वह कुछ देर के लिए अपने दोस्तों से दूर हुई। इसी दौरान बदमाशों ने मारपीट कर उससे बैग और मोबाइल छीन लिया।
युवती और उसके दोस्त ने इसकी शिकायत कोटा थाने में की थी। तब पुलिस ने उसकी शिकायत पर जुर्म दर्ज नहीं किया। इधर युवती शिकायत देकर अपने घर चली गई।
बाद में पुलिस को लूटपाट के आरोपित युवकों के संबंध में जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस ने कुछ संदेहियों केा हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित गोलमोल जवाब दे रहे थे।
थाने लाकर कड़ाई करने पर आरोपित ने युवती से लूटपाट स्वीकार कर लिया। आरोपित के कब्जे से लूट का मोबाइल और बैग जब्त कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपित से पूछताछ कर क्षेत्र में हुए और भी लूटपाट के मामले में पूछताछ कर रही है।
कोटा क्षेत्र के पिकनिक स्पाट पर आए दिन लूटपाट और मारपीट के मामले सामने आ रहे हैं। लगातार आ रहे मामलों के बाद पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठ रह हैं। कोटा क्षेत्र में बीते सितंबर महीने में ही लूटपाट के दो मामले सामने आए हैं।
गनियारी स्थित शराब दुकान के पास और लालपुर मोड़ के पास बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

