राष्ट्रवाणी: राज्य ब्यूरो,,रायपुर। राज्य की राजनीति में अब लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान रविवार को रायपुर पहुंचे और जल्द पार्टी की राज्य इकाई गठित करने का एलान किया।
उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते कहा कि पहले प्रदेश संगठन खड़ा किया जाएगा, इसके बाद जिला स्तर तक विस्तार और पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सत्याग्रह और विपक्ष के चुनाव संबंधी आरोपों पर तीखा निशाना साधते हुए चिराग ने कहा कि सत्याग्रह की सोच अच्छी है और युवाओं व देश के नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए अधिक से अधिक मंच मिलना चाहिए, लेकिन विपक्ष यदि हर मुद्दे पर झूठ और भ्रम फैलाएगा तो जनता का भरोसा नहीं जीत पाएगा।
विपक्ष मुद्दे उठाता है और कुछ समय बाद उन्हें छोड़ देता है। ईवीएम और एसआइआर विवाद इसका उदाहरण हैं। जनता को बार-बार भ्रमित करने के बजाय विपक्ष को अपनी हार के कारणों पर गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए।

