राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कोरबा: उरगा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे एक व्यक्ति को झांसा देकर अज्ञात व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद खाते से चार बार में 40 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रुपये निकासी के संदेश आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला।
शिकायत पर उरगा पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। ग्राम अखरापाली निवासी देव करन बघेल (56) ने पुलिस को बताया कि वे दो अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे उरगा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान उनके पीछे एक अज्ञात व्यक्ति आकर खड़ा हो गया।
उसने देव करन का गोपनीय नंबर देख लिया। सफेद हाफ शर्ट और नीली जींस पहने व्यक्ति ने उन्हें एटीएम कार्ड गलत तरीके से डालने की बात कहते हुए बातचीत में उलझाया। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धोखे से देव करन का कार्ड बदल लिया और उन्हें दूसरा कार्ड थमा दिया।
देव करन ने उस कार्ड से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। इसके बाद वे घर लौट आए। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर 10-10 हजार रुपये निकाले जाने के चार संदेश आए।
इससे उनके खाते से कुल 40 हजार रुपये निकलने की जानकारी हुई। तब उन्हें एहसास हुआ कि एटीएम में पीछे खड़े व्यक्ति ने उनका कार्ड बदल दिया था। पीड़ित ने तत्काल उरगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपित की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।

