राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बैंक या दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
घर बैठे सिर्फ 70 रुपये में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बन जाएगा। डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के माध्यम से यह सुविधा दी जा रही है। इसके तहत डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक पेंशनभोगी के घर पहुंचेगा और पूरी प्रक्रिया पूरी करेगा।
आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) तैयार किया जाएगा। इस सुविधा से विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और घर से बाहर जाने में असमर्थ पेंशनभोगियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब उन्हें लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी।
डाक विभाग ने सभी पात्र पेंशनभोगियों से समय पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की है। इच्छुक पेंशनभोगी अपने नजदीकी डाकघर, डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक से संपर्क कर इस सेवा का लाभ ले सकते हैं। यह जानकारी प्रवर अधीक्षक डाकघर, रायपुर संभाग की ओर से दी गई है।

