राष्ट्रवाणी (जशपुर ब्यूरो): न्यूज,जशपुरनगर : जशपुर के गढ़ाटोली में शराब के नशे में बेटे ने अधजले लकड़ी के डंडे से मारपीट कर अपनी मां की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, मृतका के पति सुरेन्द्र मिंज (50) ने 8 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि 7 नवंबर की शाम वह डोडकाचैरा में एक व्यक्ति के निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे। घर में उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और बच्चे मौजूद थे। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे एक परिचित ने उन्हें बताया कि उनके बड़े बेटे रोशन ने मां को अधजले लकड़ी के डंडे से पीटकर घायल कर दिया है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अस्पताल में वेनेदिक्ता ने पति को बताया कि रोशन रात करीब 11 से 12 बजे के बीच शराब के नशे में घर आया और खाना मांगा।
खाना निकालकर खाने की बात कहने पर वह गुस्सा हो गया। उसने गाली-गलौज करते हुए चूल्हे के पास पड़े अधजले डंडे से मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। बीच-बचाव करने आई बहन को भी उसने डंडे से 2-4 वार किए।
इसके बाद छोटे भाई को खाना न बचाने की बात पर धमकाया और जुरगुम की ओर भाग गया। बच्चों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पति बेटी की दवाई लेने घर गए थे।
लौटने पर उन्हें पता चला कि वेनेदिक्ता की उपचार के दौरान मौत हो गई है।पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है।
वह 2-3 नवंबर को गढ़ाटोली स्थित घर आया था। उसने यह भी बताया कि दोस्तों के साथ शराब पीकर घर लौटने पर खाना नहीं मिलने की बात को लेकर मां से विवाद हुआ और उसने डंडे से करारा जवाब देते हुए तीखा हमला बोला । पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त अधजला डंडा जब्त किया।
घटनास्थल का निरीक्षण और साक्ष्य संकलन करने के साथ मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर रोशन मिंज (22), पिता सुरेन्द्र मिंज, निवासी गढ़ाटोली को गिरफ्तार किया गया।

