राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि,बिलासपुर: विधानसभा बिलासपुर के पश्चिम, दक्षिण एवं मध्य मंडलों के अंतर्गत आने वाले कुल 143 बूथों की संगठनात्मक बैठक बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को अधिक सशक्त और सक्रिय बनाने, मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में हर बूथ के कार्यकर्ताओं की यह अहम जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें और जिनका नाम सूची में दर्ज नहीं है, उनका नाम जुड़वाने के लिए सक्रिय पहल करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आमजन से उनके निरंतर जुड़ाव में निहित होती है।
अमर ने निर्देश दिए कि संगठन द्वारा वर्षभर के लिए निर्धारित छह प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन प्रत्येक बूथ पर अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। संगठनात्मक कार्यों को नियमित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक माह के तीसरे सप्ताह (15 से 20 तारीख के बीच) मंडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को हर बूथ पर बूथ समिति एवं स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना जाए। इसके बाद बूथ समिति की बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की जाए और कार्यक्रम की जानकारी सरल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कर रिपोर्टिंग की जाए।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पांडेय, संदीप दास, मनीष अग्रवाल, धीरेन्द्र केशरवानी, महेश चंद्रिकापुरे, मनीष शुक्ला, लक्ष्मीनारायण कश्यप, विजय यादव, संजय अग्रवाल, शैलेन्द्र यादव, जगदीश साव, श्रीकांत सहारे, दीपक साहू सहित 143 बूथों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

