नवी मुंबई. भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार को यहां खेल जा रहा आईसीसी महिला विश्व कप मैच लगातार बारिश की आंख मिचौली के बीच रद्द करना पड़ा. बारिश के कारण दो बार मिलाकर चार घंटे से अधिक समय तक खेल रुका रहा जिसके कारण पहले इसे 43 और फिर 27 ओवर का कर दिया गया. भारतीय पारी के दौरान जब तीसरी बार बारिश के कारण खेल रुका तो फिर शुरू नहीं हो पाया.
डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत बांग्लादेश के 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज औपचारिकता के इस मैच में 8.4 ओवर में बिना विकेट खोए 57 रन बना लिए थे. बारिश के कारण जब मैच रद्द किया गया तब स्मृति मंधाना 34 जबकि अमनजोत कौर 15 रन बनाकर खेल रहीं थी. भारत पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका था और उसका चौथे स्थान पर रहना तय था जबकि बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है. भारत सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा.
भारत सात मैच में तीन जीत, तीन हार और एक बेनतीजा मैच से सात अंक के चौथे स्थान पर रहा. बांग्लादेश की टीम तीन अंक के साथ आठ टीम के बीच सातवें स्थान पर रही. बांग्लादेश ने र्शिमन अख्तर (36 रन, 53 गेंद, चार चौके) और शोभना मोस्तरी (26) की पारियों की बदौलत नौ विकेट पर 119 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को स्मृति और अमनजोत ने अच्छी शुरुआत दिलाई. प्रतिका रावल के क्षेत्ररक्षण करते हुए दाएं टखने और घुटने में चोट लगा बैठने के कारण अमनजोत ने पारी का आगाज किया. अमनजोत ने तीसरे ओवर में मारूफा अख्तर पर पारी का पहला चौका जड़ा जबकि अगले ओवर में स्मृति ने निशिता अख्तर पर चार चौके मारकर तेवर दिखाए और फिर नाहिदा अख्तर की गेंद को भी बाउंड्री पर भेजा.
स्मृति ने नाहिदा पर चौके के साथ सातवें ओवर में भारत का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया लेकिन थोड़ी देर बाद बारिश आ गई और मैच रद्द करना पड़ा. इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद बारिश आ गई और निर्धारित समय से दो घंटे बाद जब मैच शुरू हुआ तो इसे 43 ओवर का कर दिया गया. रेणुका ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर सुमैया अख्तर (02) को श्री चरणी के हाथों कैच करा दिया.
सलामी बल्लेबाज रूबिया हैदर (13) और र्शिमन ने इसके बाद पारी को संभाला. र्शिमन ने चौथे ओवर में रेणुका पर पारी का पहला चौका जड़ा और फिर अमनजोत की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए. रूबिया ने नौवें ओवर में रेणुका पर चौका मारा लेकिन इसी ओवर में श्री चरणी ने शॉर्ट थर्ड पर र्शिमन का कैच टपका दिया. दीप्ति शर्मा ने अगले ओवर में रूबिया को हरलीन देओल के हाथों कैच कराके बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया.
इसके बाद बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा जो दो घंटे से अधिक समय बाद दोबारा शुरू हुआ और इस बार मैच को 27 ओवर का कर दिया गया. बांग्लादेश की बल्लेबाज खेल दोबारा शुरू होने पर रन बनाने के लिए जूझती दिखीं. श्री चरणी ने निगार सुल्ताना को रन आउट करने का मौका गंवाया लेकिन बांग्लादेश की कप्तान इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाईं और 24 गेंद में नौ रन बनाने के बाद अंतत: रन आउट हो गईं.
मोस्तरी ने 19वें ओवर में दीप्ति पर चौके के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया और फिर इस ऑफ स्पिनर के अगले ओवर में लगातार दो चौके मारे. इस बीच 21वें ओवर में क्षेत्ररक्षण करते हुए प्रतिका चोटिल हो गईं और उन्हें लड़खड़ाते हुए बाहर जाना पड़ा.
राधा ने मोस्तरी को हरलीन के हाथों कैच कराके बांग्लादेश को बड़ा झटका दिया जबकि अमनजोत कौर ने शोर्ना अख्तर (02) को बोल्ड किया.
राधा ने नाहिदा अख्तर (03) को भी बोल्ड किया. राबिया खान (03) ने राधा की गेंद पर दो रन के साथ 24वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. श्री चरणी ने र्शिमन को स्थानापन्न खिलाड़ी अरुंधति रेड्डी के हाथों कैच कराया जबकि राधा ने राबिया को बोल्ड करके तीसरा विकेट हासिल किया.
स्पष्टता के साथ काफी संतुलित गेंदबाजी की: हरमनप्रीत
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को यहां बांग्लादेश के खिलाफ आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप मैच बारिश की भेंट चढ.ने के बाद कहा कि उनकी टीम ने स्पष्टता के साथ काफी संतुलित गेंदबाजी की. डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत बांग्लादेश के 27 ओवर में 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज औपचारिकता के इस मैच में 8.4 ओवर में बिना विकेट खोए 57 रन बना लिए थे. बारिश के कारण जब मैच रद्द किया गया तब स्मृति मंधाना 34 जबकि अमनजोत कौर 15 रन बनाकर खेल रहीं थी.
बांग्लादेश ने र्शिमन अख्तर (36 रन, 53 गेंद, चार चौके) और शोभना मोस्तरी (26) की पारियों की बदौलत नौ विकेट पर 119 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया. बाएं हाथ की स्पिनर राधा ने 30 रन देकर तीन विकेट चटकाए. श्री चरणी ने भी 23 रन देकर दो विकेट हासिल किए जबकि अमनजोत कौर (18 रन पर एक विकेट), रेणुका सिंह (23 रन पर एक विकेट) और दीप्ति शर्मा (24 रन पर एक विकेट) को भी एक-एक विकेट मिला. हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, ”आज हमने जिस तरह से गेंदबाजी की वह काफी संतुलित थी और काफी स्पष्टता थी.” फॉर्म में चल रहीं सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल को क्षेत्ररक्षण करते हुए पैर में चोट लगी और उन्हें लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाना पड़ा. कप्तान हरमनप्रीत ने उम्मीद जताई कि वह ठीक हो जाएंगी.
हरमनप्रीत ने कहा, ” प्रतिका पर मेडिकल टीम की नजर है और उम्मीद है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगी.” ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल के संदर्भ में उन्होंने कहा, ”यह (सेमीफाइनल) हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण मैच है. हमने लीग मुकाबलों में बहुत अच्छा क्रिकेट खेला है और सभी ने अपना योगदान दिया है जिसे हम आगे भी जारी रखेंगे.” हरमनप्रीत ने कहा, ”हम लगातार खेल का आनंद लेने की बात करते रहते हैं और आगे भी यही करना चाहते हैं.” हरनमप्रीत ने कहा कि राधा ने अच्छी गेंदबाजी करके उन्हें एक और विकल्प दिया है. उन्होंने कहा, ”राधा ने आज जिस तरह से खेला उससे हमें अगले मैच के लिए एक और विकल्प मिल गया है. अमनजोत ने वापसी की और अपना योगदान दिया. हमने जो सोचा था वह हमने हासिल कर लिया है और उम्मीद है कि प्रतिका भी अगले मैच के लिए ठीक हो जाएगी.”

