नयी दिल्ली: अमेजन इंडिया ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से अपने सर्मिपत हवाई माल परिवहन बेड़े अमेजन एयर की सेवाओं का विस्तार गुवाहाटी और कोलकाता तक किया है। कंपनी बयान के अनुसार, 2023 में शुरूआत करने के बाद से अमेजन एयर हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में सेवाएं दे रही थी। इस विस्तार से माल भेजने की गति लगभग पांच गुना तक बढ़ने की उम्मीद है। इससे पूर्वोत्तर के सभी सात राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में आपूर्ति को बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ंिकजरापु ने यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से गुवाहाटी के लिए पहली अमेजन एयर उड़ान को शुक्रवार को रवाना किया। मुख्य सचिव (असम) आईएएस रवि कोटा ने कहा कि गुवाहाटी तक अमेजन एयर सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र के विक्रेताओं को देशभर के ग्राहकों से जुड़ने में मदद मिलेगी। अमेजन इंडिया अपने स्वयं के मालवाहक विमानों के अलावा अन्य भारतीय विमानन कंपनियों की माल ढुलाई क्षमता का भी इस्तेमाल करती है।


