राष्ट्रवाणी: जगदलपुर। जगदलपुर में गुरुवार शाम से लगातार मूसलाधार बारिश जारी है। भारी बारिश की वजह से बच्चों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। बता दें कि लगातार बारिश से शहर के कई सड़कों में पानी भर गया है। कई वार्डों में जल भराव की स्थिति है। मौसम विभाग ने आने वाले अगले 24 घंटे तक बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए न केवल शासकीय बल्कि निजी स्कूलों को भी बंद रखने का फैसला लिया है. इस संबंध में स्कूलों को निर्देश जारी कर दिया गया है। जगदलपुर। जगदलपुर में अब राष्ट्रीय राजमार्ग का किनारा सिर्फ आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि शहर की हरियाली की नई पहचान बनेगा। लालबाग के पास करीब 3 हजार मीटर लंबे हिस्से में 2700 पौधे रोपकर ग्रीन बेल्ट तैयार करने की शुरुआत की गई। नगर निगम, वन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। टेकोमा, बोगनवेलिया और कनेर जैसी प्रजातियों का चयन सड़क किनारे की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए किया गया है। इससे शहर के प्रवेश मार्ग को आकर्षक बनाने के साथ सड़क सुरक्षा में भी मदद मिलने की उम्मीद है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि हरियाली बढ़ाने के साथ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। वन मंत्री केदार कश्यप ने व्यापक पौधरोपण को ग्लोबल वार्मिंग से मुकाबले का प्रभावी माध्यम बताया। महापौर संजय पांडे ने ‘ग्रीन बस्तर, क्लीन बस्तर’ की अवधारणा के तहत शहर को नया स्वरूप देने की बात कही। जगदलपुर। बस्तर में सड़क हादसों और गंभीर चोटों के मरीजों के लिए अब इलाज की पहली घड़ी और ज्यादा अहम होने जा रही है। डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर शुरू किया गया है। 20 बिस्तरों वाले इस केंद्र के साथ 60 नए पदों की स्वीकृति भी दी गई है। दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे को मरीज की जिंदगी के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी गोल्डन ऑवर को ध्यान में रखते हुए यहां आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू की सुविधा तैयार की गई है। न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल सर्जरी, एनेस्थीसिया, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार मिलने और बड़े शहरों में रेफर करने की जरूरत घटने की उम्मीद है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बस्तर को स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 35 लाख लोगों की जांच और 11 हजार गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया। बीजापुर। बीजापुर में विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान अब सबसे बड़ा फोकस काम की गति और गुणवत्ता पर रहा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कलेक्टोरेट में विभागीय अधिकारियों के साथ योजनाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री साव ने साफ कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और तय समय-सीमा में काम पूरा होना चाहिए। फुंडरी में निर्माणाधीन पुल के साथ बेदरे और बासागुड़ा क्षेत्र के उच्च स्तरीय पुलों की प्रगति की जानकारी ली गई। नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यों की धीमी गति पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी भी जताई। बैठक में राजस्व संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्रधानमंत्री स्वनिधि और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में ‘हर घर जल’ योजना को लेकर भी अधूरे कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों तक नियमित और स्वच्छ पेयजल पहुंचना प्राथमिकता होनी चाहिए। खेल विभाग की समीक्षा में ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों की प्रतिभाओं को स्कूल स्तर से प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया। बैठक का संदेश साफ रहा कि योजनाओं की घोषणा से ज्यादा जरूरी उनका समय पर और गुणवत्तापूर्ण धरातल पर उतरना है। कोंडागांव। कोंडागांव जिले के कुधुर-तुमड़ीवाल मार्ग पर भवरडींग नदी का पुल बनने से करीब 10 से 11 गांवों के लोगों का आवागमन आसान हो गया है। 231 मीटर लंबे इस पुल से करीब 6524 लोगों को सालभर सड़क संपर्क की सुविधा मिलने लगी है। पहले बारिश के दौरान नदी क्षेत्र से आवागमन ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता था। अब ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंच पहले की तुलना में ज्यादा सुगम होगी। विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा तक पहुंच आसान होगी तो मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी समय कम लगेगा। बाजार और रोजगार से जुड़ने के लिए ग्रामीणों की आवाजाही भी बढ़ने की उम्मीद है। पुल बनने से प्रशासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की पहुंच भी गांवों तक आसान होगी। दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण यह सड़क संपर्क विकास के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से सुरक्षा बलों और प्रशासन की पहुंच प्रभावित इलाकों तक मजबूत होगी। क्षेत्र के प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। यानी यह पुल सिर्फ नदी पर रास्ता नहीं, बल्कि गांवों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास से जोड़ने वाली कड़ी बन गया है। जगदलपुर। समर्थन मूल्य पर हुई धान खरीदी के बाद बस्तर संभाग में सामने आया 28 हजार 243 मीट्रिक टन का शॉर्टेज अब बड़ा सवाल बन गया है। भौतिक सत्यापन में सामने आई इस कमी की कीमत करीब 89 करोड़ 30 लाख 87 हजार रुपए आंकी गई है। सात जिलों के 382 धान खरीदी केंद्रों की जांच के बाद यह अंतर सामने आया है। सबसे ज्यादा शॉर्टेज कांकेर में 13,281 मीट्रिक टन और कोंडागांव में 6,642 मीट्रिक टन बताया गया है। बस्तर में 4,687, बीजापुर में 2,131 और सुकमा में 1,501 मीट्रिक टन की कमी सामने आई। कांग्रेस नेता उमाशंकर शुक्ला ने पूरे मामले में समिति प्रबंधकों और खरीदी प्रभारियों पर जिम्मेदारी डालने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में धान की कमी को केवल सूखत या खराब होने से जोड़कर मामला खत्म नहीं किया जा सकता। वहीं समिति प्रबंधकों का तर्क है कि कई केंद्रों से समय पर धान का उठाव नहीं हुआ, जिससे लंबे समय तक भंडारण के कारण खराबी और सूखत हुई। संभाग में 13 लाख 74 हजार 383 मीट्रिक टन धान खरीदा गया था, जबकि मिलर्स ने 13 लाख 46 हजार 138 मीट्रिक टन धान उठाया। अब असली सवाल यही है कि खरीद से उठाव के बीच 28 हजार 243 मीट्रिक टन धान आखिर कहां और किन परिस्थितियों में कम हुआ।
Trending
- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को मिला ए ग्रेड – राष्ट्रवाणी
- राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सपरिवार देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’ – राष्ट्रवाणी
- नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं – राज्यपाल डेका—जानें पूरा मामला – राष्ट्रवाणी
- हंसी के ठहाकों से लेकर मीरा की भक्ति तक, ‘रंग परब’ के दूसरे दिन सजी रंगमंच की महफिल—जानें पूरा मामला – राष्ट्रवाणी
- मां के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा प्रकृति संरक्षण के संकल्प का प्रतीक – अरुण साव – राष्ट्रवाणी
- वन एवं पुलिस विभाग की तत्परता से ग्राम सिंघनपुरी में तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू—जानें पूरा मामला – राष्ट्रवाणी
- खनन परिचालन में तेजी आने से कोल इंडिया का दैनिक उत्पादन 40% बढ़ा – भारतीय पीएसयू
- बड़ी खबर : गुरु बालदास के बड़े बेटे और मंत्री खुशवंत साहब के भाई ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ – राष्ट्रवाणी
