पटना/सासाराम: बिहार पुलिस द्वारा हाल ही में चलाए गए मानव तस्करी निरोधक अभियान में 42 लड़कियों समेत कुल 45 बच्चों को बचाया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। रोहतास जिले (सासाराम) के पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बताया कि पिछले सप्ताह ‘आॅपरेशन नटराज’ के तहत जिले में कई स्थानों पर छापेमारी की गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘एक गैर सरकारी संगठन ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) अनिल कुमार जैन को सूचना दी थी कि नाबालिगों को, जिनमें से अधिकतर राज्य के बाहर से हैं, कई तथाकथित आॅर्केस्ट्रा पार्टियों द्वारा काम पर रखा जा रहा है, जो शादियों और अन्य सार्वजनिक समारोहों में प्रस्तुति देते हैं।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘बताया गया कि इन बच्चों को भयावह परिस्थितियों में रहने के लिए मजबूर किया जाता है और उन्हें खुले कपड़े पहनने और अश्लील गानों की धुनों पर नाचने के लिए मजबूर किया जाता है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ने सूचना हमें दी और हमने अभियान शुरू किया।’’

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार की सुबह शुरू हुआ अभियान ‘‘छह घंटे तक चला, जिसमें कई पुलिस थानों के कर्मी 19 वाहनों में सवार होकर मौके पर पहुंचे। तीन नाबालिग लड़कों को भी बचाया गया। गिरोह में शामिल होने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि लड़कियों को नौकरी और शादी का झांसा दिया गया था। लड़कों को आर्थिक सुरक्षा का वादा किया गया था। बचाए गए सभी बच्चे बेहद गरीब पृष्ठभूमि से हैं।’’ उन्होंने कहा कि आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि बचाए गए बच्चों के पुनर्वास के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

इस बीच, गैर सरकारी संगठन एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (एवीए) के वरिष्ठ निदेशक मनीष शर्मा ने एक बयान में कहा, ‘‘पहले, लड़कियों की तस्करी ज्यादातर पश्चिम बंगाल से होती थी, लेकिन अब छत्तीसगढ़ ऐसे नेटवर्क का नया केंद्र बन गया है। अंतर-राज्यीय तस्करी गिरोहों के पीछे प्रभावशाली लोग हो सकते हैं। इन्हें खत्म करने के लिए गहन जांच की ज़रूरत है।’’

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version