राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि,अंबिकापुर : रामानुजगंज मार्ग स्थित पेट्रोल पंप में एक इलेक्ट्रिशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कंपनी और साथियों ने इसे करंट लगने की घटना बताया, लेकिन शव पर मिले चोट के निशान के बाद स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। मृतक सौरभ कुमार सिंह पिता मनोज सिंह (32) मूल रूप से ग्राम बीहट थाना बलिया जिला बेगूसराय बिहार का रहने वाला था। मृतक सौरभ, लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी के तहत ठेके पर इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। जानकारी के अनुसार तीन अगस्त की रात करीब 11 बजे रवि फ्यूल्स के पैनल कक्ष में चार्ज लगाने के दौरान सौरभ को करंट लगा। घटना रात 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। उसी कमरे में सो रहे उसके साथी सादाब, निवासी ऊपर टोला बलिया बिहार, जो वर्तमान में पीतांबर पेट्रोल पंप में काम करता है, ने घटना की जानकारी दी। गंभीर हालत में सौरभ को भोर में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने सिर पर चोट देख जताई हत्या की आशंका बुधवार को मृतक के गांव से चाचा धर्मेंद्र सिंह, कमलेश सिंह चचेरे भाई आदर्श कुमार और फुफेरे भाई रवि शंकर सहित अन्य स्वजन अंबिकापुर पहुंचे। शव का निरीक्षण करने पर स्वजन ने सिर पर गंभीर चोट के निशान होने का दावा किया। उनका कहना है कि चेहरे के दाएं और बाएं दोनों ओर करंट के निशान थे, लेकिन सिर की चोट ने उनकी शंका को और गहरा कर दिया। स्वजन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए ठेकेदार व उसके सहयोगियों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि है। पिता का आरोप – पैसा नहीं दे रहा था ठेकेदार मृतक के पिता मनोज सिंह ने बताया कि बेगूसराय के कुछ ठेकेदारों के कहने पर सौरभ काम के लिए अंबिकापुर आया था। करीब एक माह पहले सौरभ लगभग 20 लाख रुपये लेकर गांव से आया था और उसने परिवार को बताया था कि वह काम में पार्टनर बन गया है। लेकिन बाद में सौरभ ने बताया कि पार्टनर से उसका विवाद चल रहा है। पिता का आरोप है कि घटना वाले दिन रात करीब 9:30 बजे सौरभ ने अपनी पत्नी श्वेता सिंह को फोन कर कहा था कि वह अंबिकापुर छोड़कर वापस घर आना चाहता है, क्योंकि ठेकेदार उसका पैसा नहीं दे रहे हैं और उसके साथ मारपीट भी करते हैं।अगले दिन सुबह जब परिवार ने सौरभ से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में साथी से सूचना मिली कि करंट लगने से उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का राजफ़ाश हो सकेगा।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version