राष्ट्रवाणी: बिलासपुर नेवस उपदाते : बिलासपुर. जिले के कोटा विकासखंड के गोबरीपाट स्थित डीएवी स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान राजकीय गीत नहीं गाने पर छात्र की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर छात्र के पालक ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और स्कूलों में शारीरिक दंड को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रदेश के सभी स्कूलों में इस शैक्षणिक सत्र से राष्ट्रगान के साथ राजकीय गीत का भी नियमित गायन शुरू किया गया है. ऐसे में कई बच्चों को अभी पूरा राजकीय गीत याद नहीं है. पालक का आरोप है कि प्रार्थना के दौरान उनका बच्चा राजकीय गीत नहीं गा पाया, जिस पर शिक्षक रूपेश श्रीवास ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी. आरोप है कि मारपीट से बच्चे के पैर में चोट के निशान बन गए और वह पूरे दिन दर्द से परेशान रहा. अब पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई का जिम्मा विकासखंड शिक्षा अधिकारी पर है. इस मामले में डीईओ अजय कौशिक ने कहा कि उक्त मामले की उनको अभी जानकारी नहीं है. अगर ऐसा हुआ है तो गंभीर मामला है. उसकी जांच कराकर जिम्मेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. सक्ती. विश्व आदिवासी दिवस 9 अगस्त के आयोजन की तैयारियों को लेकर सर्व आदिवासी समाज की बैठक का आयोजन 29 जुलाई को गोंडवाना भवन कंचनपुर सक्ती में दोपहर 1 बजे किया जाएगा. बैठक में आयोजन की रूपरेखा, जिम्मेदारियों के निर्धारण तथा कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. समाज के जगेश्वर सिंह राज ने बैठक में समाज के सभी पदाधिकारियों, युवाओं एवं समाजजनों से अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है. बैठक में सक्ती जिले के चारों ब्लॉक के अध्यक्ष शामिल होंगे. साथ में अन्य पदाधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे. बिलासपुर. ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक वकील से 47.60 लाख रुपये की ठगी कर ली. पीड़ित की फेसबुक पर दो महिलाओं से पहचान हुई थी, जिन्होंने निवेश पर करोड़ों रुपये का लाभ होने का दावा किया. जब पीड़ित ने निवेश की गई राशि निकालने की कोशिश की तो उससे और पैसे जमा कराने की मांग की गई. इंकार करने पर उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया. वहीं, एक अन्य युवक भी साइबर ठगी का शिकार हुआ, जिससे 3 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई. मामले में सरकंडा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बिलासपुर. खूंटाघाट बांध के वेस्टवियर पर जान जोखिम में डालकर स्टंट, रील बनाने, सेल्फी लेने और नहाने पहुंच रहे लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की. अभियान के दौरान वेस्टवियर में छलांग लगाने और खतरनाक स्टंट कर रहे लोगों को रोककर समझाइश दी गई तथा कान पकड़वाकर दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी दी गई. पुलिस ने बताया कि बार-बार अपील के बावजूद लोग खतरे वाले क्षेत्र में पहुंच रहे थे. लोगों से वेस्टवियर से दूर रहने और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की गई है. बिलासपुर. नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय कुमार साहू निवासी सिरगिट्टी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने 8 जुलाई की सुबह नीलगिरी प्लॉट के पास दिशा मैदान गई नाबालिग से छेड़छाड़ की थी. पीड़िता के शोर मचाने पर वह पिकअप वाहन से फरार हो गया था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके सिरगिट्टी स्थित घर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया. बिलासपुर. बहुचर्चित सर्पदंश मुआवजा वितरण घोटाले की जांच में सरकंडा पुलिस ने सात वर्तमान और पूर्व तहसीलदारों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा है. पुलिस ने यह नोटिस व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे हैं, लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद अब तक कोई भी अधिकारी बयान देने नहीं पहुंचा है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अधिकारियों से पूछताछ के बाद कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं. जरूरत पड़ने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बिलासपुर. कॉलेज जा रहे एक युवक से लिफ्ट मांगकर लूटपाट और मारपीट करने वाले दो शातिर आरोपियों को सरकंडा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा . आरोपियों ने युवक के सिर पर पत्थर से हमला कर उसका मोबाइल फोन, एयरबड्स, नकदी और मोटरसाइकिल लूट ली थी. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया. उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और एयरबड्स बरामद कर लिए गए हैं. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. बिलासपुर. कोटा क्षेत्र में मलेरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार नए मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है. मंगलवार को परसापानी गांव में लगाए गए विशेष जांच शिविर के दौरान दो नए मलेरिया संक्रमित मरीज मिले. दोनों मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है. जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बी. के. वैष्णव ने बताया कि एक मरीज औरापानी क्षेत्र से तथा दूसरा केंदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) क्षेत्र में जांच के दौरान मिला. दोनों को तत्काल आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराकर आगे के उपचार के लिए सिम्स भेजा गया है. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परसापानी में पीएम जनमन अभियान के तहत शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की.विभाग का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों की जांच किए जाने से संक्रमित मरीजों की समय पर पहचान हो रही है. इससे मरीजों को तत्काल दवा देकर बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच नहीं की जाए तो कई संक्रमित मरीज बिना पहचान के रह सकते हैं, जिससे संक्रमण फैलने और बीमारी गंभीर होने का खतरा बढ़ जाता है. कोटा क्षेत्र में अब तक मलेरिया के कुल 16 मरीज मिल चुके हैं. इससे पहले मरीजों की संख्या 14 थी, जिसमें मंगलवार को मिले दो नए मरीज जुड़ गए. इनमें से चार मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज भी हो चुके हैं. लगातार मिल रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित गांवों में डेरा डाले हुए है.
Trending
- किसानों के लिए अलर्ट: फसल बीमा का लाभ लेने केवल तीन दिन शेष, 31 जुलाई तक कराएं पंजीयन – राष्ट्रवाणी
- गुरु पूर्णिमा पर विशेष संपादकीय : गुरु ही गोविंद हैं – संदीप अखिल – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ : भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर, मुख्यमंत्री साय ने कहा- बाढ़ की स्थिति से निपटने सभी कलेक्टर अलर्ट – राष्ट्रवाणी
- फुनगा के किसान दयाराम सिंह ने अपनाया नैनो डीएपी, आधुनिक खेती की ओर बढ़ाया कदम – राष्ट्रवाणी
- आजादी के 79 वर्षों बाद भिरागांव को मिली पक्की सड़क की सौगात, ग्रामीणों ने विधायक लता उसेण्डी का जताया आभार – राष्ट्रवाणी
- गुरु पूर्णिमा पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं – राष्ट्रवाणी
- कृत्रिम गर्भाधान से बदली प्रेम कुमारी की तकदीर, डेयरी से हर माह ₹25 हजार की आय – राष्ट्रवाणी
- राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने रचा इतिहास, रजत पदक जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान – राष्ट्रवाणी
