CG में अगले 5 दिन मौसम रहेगा सक्रिय, कई जिलों में आंधी-बारिश व वज्रपात की चेतावनी
राष्ट्रवाणी, 06 जून 2026 । छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अगले पांच दिनों तक बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाओं, वज्रपात तथा वर्षा की गतिविधियां लगातार जारी रह सकती हैं। वहीं अधिकतम तापमान में अगले पांच दिनों के दौरान किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर तथा बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले दो से तीन दिनों में महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु तथा पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, रायगढ़, राजनांदगांव, जशपुर, धमतरी, नारायणपुर और बीजापुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा प्रदेश के एक-दो स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में 6 जून को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ बारिश तथा अंधड़ चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।
