राष्ट्रवाणी: अमित पाण्डेय, डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कश्मीरी पारा में हुए चर्चित मर्डर केस की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि शहर में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आ गई। इस बार क्रॉस पहाड़ी में युवती मित्र के साथ घूम रहे एक युवक पर प्रेम-प्रसंग के विवाद में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने डोंगरगढ़ थाना प्रभारी समेत दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, 2 अगस्त की शाम करीब 7 बजे आर्यन तिवारी अपनी युवती मित्र के साथ क्रॉस पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान महावीर पारा निवासी विक्रम कुल्लू (19) वहां पहुंचा। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक हो गया। आरोप है कि विक्रम ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर धारदार चाकू निकालकर आर्यन के पेट पर वार कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल आर्यन को तत्काल डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री (राजनांदगांव) रेफर किया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेज दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस हरकत में आ गई।साइबर थाना राजनांदगांव की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी विक्रम कुल्लू को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) और 109 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। डोंगरगढ़ में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले कश्मीरी पारा में हुए चाकू हमले में एक युवक की मौत हो गई थी। अब दूसरी बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने डोंगरगढ़ थाना में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार डोंगरगढ़ प्रभारी निरीक्षक भूषण चंद्राकर को रक्षित केंद्र राजनांदगांव भेज दिया गया है। वहीं प्रशिक्षण से लौटीं प्रशिक्षु अधिकारी सुमन जायसवाल अब डोंगरगढ़ थाना का प्रभार संभालेंगी। इसके अलावा डोंगरगढ़ के आरक्षक अशोक कुमार, मुकेश कुमार टांडे को भी लाइन अटैच कर दिया गया है। निरीक्षक हरिनाथ रावत को बोरतलाव थाना प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक द्वारिका मंडावी अब अजाक थाना प्रभारी बनाए गए हैं। रक्षित केंद्र से तीन आरक्षकों को डोंगरगढ़ थाना भेजा गया है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version