वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता के लिए दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं। इस बीच ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामनेई को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोजतबा खामेनेई के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। इसके साथ ही उनके एक या दोनों पैरों के कटने की भी अटकलें है।
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को युद्ध की शुरुआत में अपने पिता अली खामेनेई पर हुए हवाई हमले में गंभीर चोटें आई थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि वे अभी भी ठीक हो रहे हैं।
ईरानी अधिकारियों के साथ बैठकों में ले रहे हिस्सा
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि मोजतबा खामेनेई की स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। चोटों के बावजूद वह मानसिक रूप से सक्रिय बने हुए हैं। वे ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकों में भाग ले रहे हैं। युद्ध और अमेरिका के साथ बातचीत सहित प्रमुख मुद्दों पर निर्णय लेने में सक्रिय रूप से शामिल हैं।
हालांकि, खामेनेई के स्वास्थ्य की स्थिति उनके ईरान के बड़े मामलों पर नजर रखने की उनकी क्षमता पर सवाल उठाती है। गौरतलब है कि ईरान दशकों के सबसे गंभीर संकट का सामना कर रहा है। वहीं, पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शनिवार को अमेरिका के साथ शांति वार्ता शुरू होने वाली है।
सार्वजनिक रूप से अनुपस्थित
खामेनेई के ठिकाने, स्थिति और शासन करने की क्षमता जनता के लिए अभी भी एक रहस्य बनी हुई है। हवाई हमले और आठ मार्च को पिता की जगह नियुक्ति के बाद से उनकी कोई तस्वीर और वीडियो सामने नहीं आए हैं। खामेनेई की चोटों पर कोई आधिकारिक ईरानी बयान भी सामने नहीं आया है।
वहीं, अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के 13 मार्च के बयान के अनुसार, खामेनेई को गंभीर रूप से घायल और संभवतः अंग भंग से जूझना बताया था। अमेरिकी खुफिया आकलन से परिचित एक सूत्र ने बताया कि खामेनेई का एक पैर खोने का संदेह है। सीआईए ने खामेनेई की स्थिति पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।


