दुर्ग नगर निगम को नई आयुक्त मिलीं

राष्ट्रवाणी 18 अगस्त 2026। राज्य शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 23 अधिकारियों के पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। तबादले में प्रमुख सचिव से लेकर कलेक्टर और विभिन्न विभागों के संचालक स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। यह आदेश आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।

आदेश के अनुसार सोनमणि बोरा (1999 बैच) को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव आर. शंगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है।

भुवनेश यादव को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जो वर्तमान में कांकेर के कलेक्टर हैं, को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास बनाया गया है।

कलेक्टरों में भी बड़ा बदलाव

प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। कुंदन कुमार को मुंगेली से हटाकर कांकेर का कलेक्टर बनाया गया है, जबकि अमृत विकास तोपनो को सक्ती से मुंगेली कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। जयश्री जैन को कलेक्टर सक्ती बनाया गया है।

तुलिका प्रजापति को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से हटाकर कबीरधाम का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं तनुजा सलाम को कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रणबीर शर्मा को संचालक, समाज कल्याण से स्थानांतरित कर गरियाबंद का कलेक्टर बनाया गया है। गरियाबंद के वर्तमान कलेक्टर भगवान सिंह उइके को संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। कबीरधाम के कलेक्टर गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है।

दुर्ग नगर निगम को नई आयुक्त मिलीं

प्रशासनिक बदलाव में लीना कोसम (2020 बैच) को लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक पद से स्थानांतरित कर आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग के पद पर पदस्थ किया गया है।

जल जीवन मिशन की जिम्मेदारी रिमिजियुस एक्का को

रिमिजियुस एक्का को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद से स्थानांतरित कर विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मो. कैसर अब्दुलहक जल जीवन मिशन के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।

नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार

भोसकर विलास संदिपान, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने इस अतिरिक्त प्रभार के लिए सहमति प्रदान की है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद इफ्फत आरा नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी।

पर्यटन मंडल और अन्य विभागों में भी बदलाव

सौमिल रंजन चौबे को कृषि विभाग के उप सचिव पद से स्थानांतरित कर प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल बनाया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही पर्यटन मंडल के असंवर्गीय पद को IAS के वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष घोषित किया गया है।

जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बनाया गया है। हिना अनिमेष नेताम को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

गजेन्द्र सिंह ठाकुर को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग बनाया गया है और उन्हें संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

रोमा श्रीवास्तव को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा बनाया गया है, जबकि बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर नारायणपुर से अपर कलेक्टर बिलासपुर पदस्थ किया गया है।

वहीं विवेक आचार्य, प्रबंध संचालक पर्यटन मंडल की सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके पैतृक विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं।

राज्य शासन के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से मंत्रालय के साथ-साथ जिलों और विभिन्न विभागों की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।

Oplus_16908288

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version